एक्टिव होंगे 2 पश्चिमी विक्षोभ; दिल्ली में 6 दिन कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
Delhi Mausam: मौसम विभाग के अनुसार, 13 और 16 फरवरी को आने वाले दो पश्चिमी विक्षोभों के कारण हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसका असर पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी दिखेगा। दिल्ली एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग की मानें तो 2 पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में मौसम बदलने वाला है। एक पश्चिमी विक्षोभ 13 फरवरी को जबकि दूसरा 16 फरवरी से सक्रिय होगा। इन पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 13 फरवरी को फिर 16 और 17 फरवरी को पश्चिमी हिमालय के कुछ क्षेत्रों में बारिश या बर्फबारी होने की संभावना जताई है। यही नहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 16 और 17 फरवरी को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि दिल्ली एनसीआर पर इन वेदर सिस्टम का कोई बड़ा असर पड़ने की संभावना नहीं है।
पश्चिमी विक्षोभ से दिखेंगे बदरा
मौसम विभाग ने इन पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में आंशिक रूप से हल्के बादल छाने की संभावना जताई है। दिल्ली एनसीआर में 13 फरवरी को और 16 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से हल्के बादल नजर आ सकते हैं।
कल कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में कल यानी गुरुवार को आसमान साफ रहने और दोपहर के वक्त 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलने की संभावना जताई है। दिल्ली में कल और परसों यानी 12 और 13 फरवरी को न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में अब कोहरे की भी कोई संभावना नहीं है।
नहीं होगी बारिश
IMD ने इस पूरे हफ्ते यानी अगले 6 दिन तक दिल्ली एनसीआर में बारिश नहीं होने का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग ने 13 फरवरी को दिल्ली में दिन के वक्त हवा की स्पीड 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान जताया है। 14 फरवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस दिन दिल्ली में हवा की स्पीड 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है।
कितना रहेगा न्यूनतम तापमान?
मौसम विभाग ने 15, 16 और 17 फरवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान के 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है। दिल्ली में 15 फरवरी को दोपहर के वक्त हवा की स्पीड 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है।
अधिकतम तापमान भी बढ़ेगा
दिल्ली में अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जाएगी। दिल्ली में 12 फरवरी को इसके 25 से 27 डिग्री जबकि 13 फरवरी को इसके 26 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। दिल्ली में 14 से 17 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में दिल्ली एनसीआर में तापमान में बढ़ोतरी के आसार बन रहे हैं। 16 फरवरी को हवा भी धीमी रहेगी लेकिन 17 तारीख को एकबार फिर दिन में इसके रुख में तेजी का अनुमान है।




साइन इन