ट्विशा शर्मा केस : ACP बोले-‘लापरवाह’ IO पर होगी कार्रवाई, परिवार की दिल्ली एम्स में पोस्टमॉर्टम की मांग
ट्विशा शर्मा के परिवार ने उनकी मौत को आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया है। ट्विशा के परिवार ने दिल्ली एम्स में शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराए जाने की मांग की है। परिवार ने बताया कि पिछले पांच दिनों से ट्विशा का शव एम्स भोपाल के शवगृह में रखा हुआ है।

भोपाल में पिछले हफ्ते संदिग्ध हालात में मृत पाई गई नोएडा की रहने वाली 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले की जांच कर रही एसआईटी का नेतृत्व कर रहे मिसरोद के एसीपी ने कहा कि ट्विशा के फरार पति समर्थ सिंह का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। भोपाल एम्स से मिली प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में फंदा लगाकर आत्महत्या करने के कारण मौत होने के संकेत मिलते हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम के दौरान फंदा पर लटकने में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई रस्सी को एम्स नहीं भेजने में लापरवाही पाई गई है और इस मामले में जांच अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नोएडा सेक्टर-16 सी ब्लॉक की रहने वाली ट्विशा शर्मा का शव 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके पति समर्थ सिंह के घर में फंदे से लटका मिला था। समर्थ सिंह और ट्विशा शर्मा की मुलाकात वर्ष 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिये हुई थी और दिसंबर 2025 में उन्होंने शादी की थी। ट्विशा ने एमबीए की पढ़ाई की थी। वह शादी से पहले दिल्ली की कंपनी में कई वर्षों तक काम कर चुकी थी।
पति पर साजिश रचकर पत्नी की हत्या करने का आरोप
ट्विशा शर्मा के परिवार ने उनकी मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए पति पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के भाई का कहना है कि पति समर्थ सिंह ने सुनियोजित तरीके से ट्विशा की हत्या की और इसे आत्महत्या दिखा दिया। अब परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग तेज कर दी है। परिवार का कहना है कि दिल्ली एम्स में शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराए जाने की मांग की है। परिवार ने बताया कि पिछले पांच दिनों से ट्विशा का शव एम्स भोपाल के शवगृह में रखा हुआ है।
पति की अग्रिम जमानत याचिका खारिज
स्थानीय अदालत ने भोपाल में 33 वर्षीय मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में सोमवार को वकील और उसके फरार पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। कोर्ट के इस फैसले के बाद भोपाल पुलिस ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि समर्थ की जानकारी देने वालों को 10,000 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने कहा कि समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह को तत्काल गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे लोग ‘पैसे और पावर’ का इस्तेमाल कर हाईकोर्ट से जमानत ले लेंगे।
सास को अग्रिम जमानत मिल चुकी
इससे पहले अदालत ने पीड़िता ट्विशा की सास एवं रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत दे दी थी। अदालत में सुनवाई के दौरान आरोपी पति समर्थ सिंह के वकील ने ट्विशा की मानसिक स्थिति और दवाओं पर सवाल उठाए। वहीं मरने वाली महिला के परिवार के वकील ने सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका जताई। ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने कहा कि आरोपी मां और बेटे को सजा हो तब हमारी जीत होगी।
नोएडा लौटना चाहती थी ट्विशा
ट्विशा के रिश्तेदारों का कहना है कि वह भोपाल छोड़कर नोएडा लौटना चाहती थी। वह बीते मंगलवार की रात 10 बजे तक अपने परिवार के लोगों के संपर्क में थी। वहीं, भोपाल पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि एसआईटी दहेज उत्पीड़न, शारीरिक हमले और ट्विशा की मौत के बाद सबूत मिटाने की कथित कोशिशों के आरोपों की जांच करेगी।
नव निधि शर्मा, ट्विशा के पिता, ''पुलिस द्वारा पेश की गई दलीलें अच्छी थीं। पुलिस ने तर्क दिया कि ये लोग बहुत असरदार लोग हैं और वे सबूतों से छेड़छाड़ कर सकते हैं। अगर पुलिस का यह तर्क वाकई सही है, तो इसके आधार पर, पहले आरोपी को जमानत पर रिहा करने का फैसला गलत था।''
गिरिबाला सिंह, ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज, ''ट्विशा शर्मा ने मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी करवाया था। उसे सिजोफ्रेनिया था। माता-पिता कई महीनों से उससे दूर थे। वह मानसिक समस्याओं का इलाज करवा रही थी। उसे जो दवाएं लिखी गई थीं, वे सिजोफ्रेनिया में दी जाती हैं।''




साइन इन