21 महीने के भतीजे को पार्क में लेकर गई महिला, फिर गला दबाकर की हत्या; दिल्ली में हैरान करने वाली वारदात
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला अविवाहित है, और वह मौके पर बेहोशी की हालत में मिली। जिसके बाद उसे मेडिकल जांच और इलाज के लिए बाबू जगजीवन राम मेमोरियल हॉस्पिटल ले जाया गया।

दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पर शुक्रवार दोपहर को एक 30 वर्षीय महिला ने अपने 21 महीने के भतीजे की गला दबाकर हत्या कर दी। महिला मासूम को घुमाने के बहाने से पार्क में लेकर आई थी, और इसी दौरान उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया। शुरुआती पुलिस जांच में पता चला है कि महिला पिछले कुछ समय से अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रही है।
घटना की जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब एक शख्स ने महिला को बच्चे का गला दबाते हुए देखा तो उसने ना केवल उस मासूम को महिला से छुड़वाया, बल्कि उसे पास के एक निजी अस्पताल भी लेकर गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे के मामा ने दोपहर करीब डेढ़ बजे पीसीआर कॉल के जरिए पुलिस को इस वारदात के बारे में सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला की पहचान 30 वर्षीय अज़रा के रूप में हुई है। जिसने मुखर्जी नगर में SFS फ्लैट्स के एक पार्क में इस वारदात को अंजाम दिया। मृतक बच्चे का नाम हादी पिता आदिल है, जो कि ओल्ड सीलमपुर में अपने परिवार के साथ रहता था। वह अपनी मां उज़मा के साथ SFS फ्लैट्स में उसके मायके आया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला अविवाहित है, और वह मौके पर बेहोशी की हालत में मिली। जिसके बाद उसे मेडिकल जांच और इलाज के लिए बाबू जगजीवन राम मेमोरियल हॉस्पिटल ले जाया गया।
आरोपी महिला ने इस वारदात को दोपहर करीब डेढ़ बजे अंजाम दिया, जिसके बाद बच्चे के मामा ने पुलिस को इस बारे में फोन करके जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, मरने वाला बच्चा पुराने सीलमपुर का रहने वाला था और वह अपनी मां के साथ उनके मायके जाने के लिए अपार्टमेंट में आया था।
वारदात की जानकारी देते हुए पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस मामले में आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में महिला के मानसिक रूप से परेशान होने की बात सामने आई है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह और मंशा का पता चल सकेगा। पुलिस ने बताया कि और जानकारी का इंतज़ार है।




साइन इन