तिलक ब्रिज-आनंद विहार के बीच बिछेंगी 2 नई लाइनें, दिल्ली में यमुना पर बनेगा नया पुल; ये होंगे 6 फायदे
Delhi News : दिल्ली के तिलक ब्रिज स्टेशन से आनंद विहार के बीच बिछाई जा रही नई रेल लाइनें लंबे समय से चली आ रही समस्या को दूर करेंगी। रेलवे द्वारा बिछाई जा रही दो अतिरिक्त लाइनों से न केवल इस दबाव को कम किया जाएगा, बल्कि ट्रेनों के संचालन की क्षमता भी बढ़ेगी।

Delhi News : दिल्ली के तिलक ब्रिज स्टेशन से आनंद विहार के बीच बिछाई जा रही नई रेल लाइनें लंबे समय से चली आ रही समस्या को दूर करेंगी। वर्तमान में यहां मौजूद दो लाइनों पर क्षमता से लगभग 76 फीसदी अधिक ट्रेनों का संचालन हो रहा है। रेलवे द्वारा बिछाई जा रही दो अतिरिक्त लाइनों से न केवल इस दबाव को कम किया जाएगा, बल्कि ट्रेनों के संचालन की क्षमता भी बढ़ेगी। इसके लिए यमुना नदी पर एक नया पुल भी बनाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली से तिलक ब्रिज तक कुल छह रेल लाइनें हैं। वहीं, आनंद विहार से आगे चार लाइनें मौजूद हैं, लेकिन तिलक ब्रिज और आनंद विहार के बीच केवल दो लाइनें होने के कारण रेल परिचालन में सबसे बड़ी समस्या होती है। इस रूट पर रोजाना लगभग 180 यात्री ट्रेनें और 42 मालगाड़ियां चलती हैं। अधिक ट्रैफिक के कारण ट्रेनों को अक्सर आगे बढ़ने के लिए ट्रैक खाली होने का इंतजार करना पड़ता है।
रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, निजामुद्दीन से आने वाली ट्रेनें भी इसी सेक्शन का उपयोग करती हैं, जिससे दबाव और बढ़ जाता है। इस समस्या को दूर करने के लिए तिलक ब्रिज से आनंद विहार तक 9.77 किलोमीटर लंबी दो नई लाइनें बिछाई जा रही हैं। इनमें से 1.32 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष 8.45 किलोमीटर पर कार्य जारी है।
गाजियाबाद और निजामुद्दीन रूट पर होगी सुविधा
●तिलक ब्रिज और आनंद विहार के बीच केवल 2 लाइनें होने से जो जाम की स्थिति बनती है, रेलवे लाइन के बनने से राहत मिलेगी
●अभी ट्रेनों को ट्रैक खाली होने का इंतजार करना पड़ता है। नई लाइनों से ट्रेनें बिना रुके चल सकेंगी
●नई लाइनें बनने से रेलवे की क्षमता बढ़ेगी, जिससे और अधिक यात्री व मालगाड़ियां चलाई जा सकेंगी
●बेहतर टाइमिंग और स्मूथ सफर से यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा
●मालगाड़ियों का संचालन तेज होगा, जिससे व्यापार और सप्लाई चेन देशभर में बेहतर होगी
●नई दिल्ली, गाजियाबाद और निजामुद्दीन रूट पर ट्रेनों का संचालन ज्यादा सुचारु हो जाएगा और यात्रियों को इससे काफी सहूलियत होगी।




साइन इन