400 रुपए के लिए मौत के घाट उतारा; दिल्ली में नाबालिगों का खौफ, सोशल मीडिया पर वीडियो भी डाला
दिल्ली में नाबालिग लड़के बेखौफ होते जा रहे हैं। महज 400 रुपए के लिए तीन नाबालिग लड़कों ने मिलकर 26 साल के एक युवक को चाकू से कई बार वार करके मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर दिया। पुलिस ने तीनों नाबालिगों को पकड़ लिया है।

दिल्ली में नाबालिग लड़के बेखौफ होते जा रहे हैं। महज 400 रुपए के लिए तीन नाबालिग लड़कों ने मिलकर 26 साल के एक युवक को चाकू से कई बार वार करके मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर दिया। पुलिस ने तीनों नाबालिगों को पकड़ लिया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार को तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है। उन पर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में 400 रुपए के विवाद को लेकर 26 साल के एक युवक की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या करने का आरोप है। उन पर घटना का वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का भी आरोप है।
पुलिस ने मृतक की पहचान न्यू मुस्तफाबाद के रहने वाले मोहम्मद कैफ के रूप में की है। उनके परिवार में उनके माता-पिता और दो भाई हैं। उत्तर-पूर्व दिल्ली के डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि इस घटना का पता तब चला जब शुक्रवार शाम करीब 4 बजे पुलिस को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल से एक कॉल आया, जहां पीड़ित को मृत घोषित कर दिया गया था।
अधिकारी ने बताया कि तीनों नाबालिगों ने 25 फुटा रोड पर एक दुकान के पास पीड़ित को चाकू मारा। अधिकारी ने आगे बताया कि उसी दिन सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें तीनों आरोपी नाबालिग पीड़ित को घेरकर उस पर कई बार चाकू से वार करते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो के साथ एक कैप्शन भी था जो हाल ही में रिलीज हुई एक फिल्म से प्रेरित था। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान स्वतंत्र रूप से इस वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
डीसीपी ने बताया कि शुक्रवार को हत्या का एक मामला दर्ज किया गया। लगभग 16 साल के आरोपी नाबालिगों को पकड़ लिया गया। तीनों न्यू मुस्तफाबाद में ही रहते थे। डीसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान नाबालिगों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित ने उनसे 400 रुपए उधार लिए थे, जिन्हें वह वापस नहीं कर रहा था। अधिकारी ने आगे बताया कि अपराध में इस्तेमाल किए गए तीन चाकू बरामद कर लिए गए हैं और मामले की जांच जारी है।




साइन इन