दिल्ली के हरि नगर में ऑनर किलिंग, पिता और भाई के बाद मां भी गिरफ्तार; चचेरे भाई से था प्रेम संबंध
पुलिस ने बताया कि यह घटना 1 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे एक पीसीआर कॉल मिलने के बाद सामने आई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि एक महिला की उसके परिवार द्वारा हत्या कर दी गई है और उसके शव को दफनाने के लिए ले जाया जा रहा है।

दिल्ली के हरि नगर थाना इलाके में 19 साल की लड़की की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने भाई और पिता की गिरफ्तारी के बाद मृतका की मां को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि लड़की के परिवार ने कथित तौर पर उसके चचेरे भाई के साथ संबंध के चलते गला घोंटकर इस हत्या को अंजाम अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि लड़की की मौत गला दबाने से हुई है। लड़की के भाई ने दोनों हाथ पकड़े जबकि मां और पिता ने तकिए मुंह पर लगाकर उसका दम घोंट दिया। मृतका की मां, रबिया खातून को उसके पिता मोहम्मद मनेर (55) और उसके भाई मेराज अली (19) की गिरफ्तारी के एक दिन बाद गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को मिली थी कॉल पर जानकारी
पुलिस ने बताया कि यह घटना 1 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे एक पीसीआर कॉल मिलने के बाद सामने आई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि एक महिला की उसके परिवार द्वारा हत्या कर दी गई है और उसके शव को दफनाने के लिए ले जाया जा रहा है। एक सूत्र ने बताया, ‘परिवार के सदस्यों ने उसे एक आदमी के साथ देखा। उसकी पिटाई की गई और उसे कुछ दिनों तक घर में ही बंद रखा गया था।’
दफनाने से पहले पुलिस ने रोका
जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्होंने पाया कि शव को दफनाने के लिए ले जाया जा रहा था। एक अधिकारी ने बताया कि ऑनर किलिंग के संदेह में शव दफनाने की प्रक्रिया रोक दी गई और शव को अपने कब्जे में ले लिया गया।
परिवार ने विरोध किया था
अधिकारी ने आगे बताया कि पीड़िता पिछले दो साल से एक व्यक्ति के साथ रिश्ते में थी, जिसका उसके पिता, भाई और मां सहित उसके परिवार ने विरोध किया था। जब लड़की ने विरोध के बावजूद रिश्ता खत्म नहीं किया, तो परिवार ने उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि पीसीआर कॉल करने वाले व्यक्ति ने उन्हें सूचित किया था कि महिला का अपने चचेरे भाई के साथ प्रेम संबंध था। पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि मृतक की एक सहेली ने उसे इस स्थिति के बारे में सचेत किया था। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन