दिल्ली में इंटरनेशनल गैंग के 3 ड्रग तस्कर गिरफ्तार, 2 करोड़ की हेरोइन जब्त
दिल्ली पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 1 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 2 करोड़ रुपये कीमत है।

दिल्ली पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 1 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 2 करोड़ रुपये कीमत है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की इंटर-स्टेट सेल ने उस सूचना के आधार पर की, जिसमें बताया गया था कि उत्तर प्रदेश से दिल्ली-एनसीआर के लिए एक बड़ी ड्रग खेप लाई जा रही है।
अपराध शाखा के डीसीपी आदित्य गौतम ने बताया कि 22 फरवरी को सूचना मिली थी कि संदिग्ध तस्कर फईम बेग आनंद विहार रेलवे स्टेशन अंडरपास के पास हेरोइन की बड़ी खेप पहुंचाने वाला है। इसके बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर बेग और उसके साथी कयूम खान को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
कितने ग्राम हेरोइन हुई बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने 101 ग्राम और 601 ग्राम के दो पैकेटों में हेरोइन बरामद की। इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत क्राइम ब्रांच थाने में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान बेग ने खुलासा किया कि हेरोइन बरेली (उत्तर प्रदेश) में उसके सहयोगियों से ली जाती थी और दिल्ली-एनसीआर, शामली तथा सहारनपुर सहित कई स्थानों पर सप्लाई की जाती थी।
इसके बाद पुलिस ने आगे की छापेमारी में 27 फरवरी को बरेली के फतेहगंज पूर्व से कथित सप्लायर आमिर खान को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर उसके परिवार के खेत से 301 ग्राम हेरोइन और बरामद की गई।
क्या बोले डीसीपी
पुलिस के अनुसार इस मामले में कुल 1.002 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है। डीसीपी ने बताया कि आमिर खान पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े तीन मामलों में शामिल रहा है और उसे गिरोह की सप्लाई चेन की अहम कड़ी माना जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और नशीले पदार्थों के मुख्य स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है।




साइन इन