2026 में 17 नक्सली मारे गए, अभी कितने सक्रिय? झारखंड विधानसभा में मंत्री ने दिया जवाब
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के नौवें दिन अल्पसूचित प्रश्न के दौरान विधायक सरयू राय के नक्सल समस्या से जुड़े प्रश्न पर प्रभारी मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि राज्य में 10-15 सालों की अपेक्षा काफी कम माओवादी बचे हैं।

झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के नौवें दिन अल्पसूचित प्रश्न के दौरान विधायक सरयू राय के नक्सल समस्या से जुड़े प्रश्न पर प्रभारी मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि राज्य में 10-15 सालों की अपेक्षा काफी कम माओवादी बचे हैं। हमारी सरकार की सरेंडर पॉलिसी भी बेहतर रही है। लोग लगातार इसका फायदा उठा रहे हैं। भटके लोगों को जल्द से जल्द मुख्यधारा में लाया जाएगा।
वर्तमान में राज्य में कुल कितने माओवादी सक्रिय
सरयू राय ने सारंडा इलाके में लगातार नक्सल वारदात व अभियान से जुड़ा सवाल पूछा था। जवाब में राज्य सरकार ने बताया कि केंद्रीय व राज्य बलों द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वर्तमान में राज्य में कुल 55 माओवादी सक्रिय हैं। सारंडा में संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2026 में 17 नक्सलियों को अभियान के दौरान मार गिराया गया। इस दौरान जो दस्तावेज बरामद किए गए, उसमें भी नक्सलियों का प्रभाव कमजोर होने की बात स्वीकार की गई है।
नक्सलियों की मौजूदगी की क्या वजह
सरयू राय ने सरकार के सवाल पर पूरक के दौरान कहा कि उत्तर अधूरा दिया गया है। जवाब में अनुलग्नक देने की बात कही गई है, लेकिन नहीं है। प्रभारी मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि वह सूची भिजवा देंगे। सरयू ने कहा कि खनन गतिविधि, बेरोजगारी या किन कारणों से सारंडा में नक्सली मौजूद हैं। आईडी विस्फोट भी लगातार हो रहे हैं, किन इलाकों में आईडी लगा है, क्या उसे चिन्हित किया गया।
2024 से अब तक कितने नक्सली मारे गए
योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि माओवाद राज्य के लिए चिंता है। उनपर अंकुश के लिए लगातार कार्रवाई हो रही है। क्यों नक्सल गतिविधि बढ़ी है, इसके लिए समझना होगा कि माओवादी भी मंसूबे बदलते हैं। सारंडा में लगातार कार्रवाई हुई है। सरयू ने कहा कि कार्रवाई का तुलनात्मक विवरण दें, तब सफलताएं पता चलेंगी। सरयू राय को बाद में अनुलग्नक भेज सरकार ने बताया कि एक जनवरी 2024 से अबतक 28 नक्सली मारे जा चुके हैं। 48 माओवादियों को अभियान चलाकर गिरफ्तार किया गया है।




साइन इन