सूरजकुंड मेला जारी रहेगा, झूला जोन बंद किया; फरीदाबाद DC ने घायलों से की मुलाकात
फरीदाबाद का सूरजकुंड मेला रविवार को भी तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा। मेला में शनिवार को हुई झूला टूटने की घटना के बाद एहतियात के तौर पर झूला जोन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। फरीदाबाद के उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है।

फरीदाबाद का सूरजकुंड मेला रविवार को भी तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा। मेला में शनिवार को हुई झूला टूटने की घटना के बाद एहतियात के तौर पर झूला जोन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। फरीदाबाद के उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। झूला क्षेत्र में तकनीकी और सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की जा रही है।
उपायुक्त ने कहा कि मेला के अन्य हिस्सों में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम, हस्तशिल्प प्रदर्शनी, खान-पान स्टॉल और मनोरंजन गतिविधियां पूरी तरह सुरक्षित हैं। पर्यटकों से बिना किसी चिंता के मेला का आनंद लेने की अपील की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है तथा संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
घायलों से मिले उपायुक्त और पर्यटन विभाग के एमडी
उपायुक्त आयुष सिन्हा और पर्यटन विभाग के एमडी पार्थ गुप्ता ने रविवार सुबह सूरजकुंड स्थित सुप्रीम अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से इलाज की स्थिति की जानकारी ली और घायलों के परिजनों से भी बातचीत की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
कई मरीजों की अस्पताल से छुट्टी
अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल में भर्ती 8 घायलों में से 2 को छुट्टी दे दी गई है, जबकि 6 का इलाज चल रहा है। बीके सिविल अस्पताल में भर्ती सभी 4 घायलों को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा हर घंटे मरीजों की स्थिति की समीक्षा की जा रही है।
उपायुक्त ने देर रात भी घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की थी और सुबह दोबारा अस्पताल पहुंचकर हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। प्रशासन जांच पूरी होने के बाद आगे का निर्णय लेगा।
इंस्पेक्टर की गई थी जान
गौरतलब है कि सूरजकुंड मेला के मैदान में शनिवार शाम करीब 6 बजे जब एक विशाल झूला बीच हवा में टूटकर गिर गया, जिसके बाद लोगों को बचाने की कोशिश में ड्यूटी पर तैनात 58 वर्षीय पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की जान चली गई। झूला जब अचानक झुककर जमीन पर गिरा, तब उसमें लगभग 19 लोग झूल रहे थे, जिनमें से 11 लोग घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वाले इंस्पेक्टर जगदीश को 2019-20 में हरियाणा के राज्यपाल ने पुलिस मेडल से सम्मानित किया था।




साइन इन