Show This Much Mercy, Let the Bike Reach the Petrol Pump, An Amusing Case from Ghaziabad 'हे चोर इतनी दया करो, बाइक पेट्रोल पंप चली जाए'; गाजियाबाद की सोसायटी में सामने आया रोचक मामला, Ncr Hindi News - Hindustan
More

'हे चोर इतनी दया करो, बाइक पेट्रोल पंप चली जाए'; गाजियाबाद की सोसायटी में सामने आया रोचक मामला

पीड़ित ने आरोप लगाया कि एक तरफ जहां सोसायटी में त्योहारों के नाम पर लाखों रुपए मनमाने तरीके से खर्च कर जश्न मनाया जाता है, वहीं दूसरी ओर सीसीटीवी लगाने के लिए फंड नहीं होने का बहाना बनाया जाता है।

Fri, 13 March 2026 07:38 PMSourabh Jain हिन्दुस्तान टीम, गाजियाबाद
share
'हे चोर इतनी दया करो, बाइक पेट्रोल पंप चली जाए'; गाजियाबाद की सोसायटी में सामने आया रोचक मामला

गाजियाबाद शहर के राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी से एक बेहद अनोखा मामला सामने आया है। यहां रहने वाले एक शख्स की बाइक से लगातार पेट्रोल चोरी हो रहा है, और तमाम कोशिशों के बाद भी सोसायटी में रहने वाले लोग उस अज्ञात चोर का पता नहीं लगा पा रहे हैं, जिसके बाद उस शख्स ने परेशान होकर अब अपनी मोटरसाइकिल पर एक पर्चा लगाते उस चोर से विनम्र अपील की है। उन्होंने उससे कहा है कि अब जब भी वह बाइक से पेट्रोल चुराए तो उसमें कम से कम इतना पेट्रोल छोड़ दिया करे, कि गाड़ी पेट्रोल पंप तक चली जाए। इसके साथ ही पीड़ित ने चोर की जानकारी देने वाले को ईनाम देने की घोषणा भी की है।

पेट्रोल चोरी की यह घटना सोसायटी के फ्लैट नंबर एम-1/411 में रहने वाले एडवोकेट विक्रम चौधरी की बाइक के साथ हो रही है। इस बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि उनकी मोटरसाइकिल से रोजाना पेट्रोल चोरी किया जा रहा है, जिससे वह काफी परेशान हैं। उन्होंने सोसायटी में कैमरों की कमी को भी इसके लिए जिम्मेदार बताया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में 14 और 15 मार्च को रहेगा जलसंकट, इतने इलाकों में नहीं आएगा पानी

चोर का पता लगाने वाले के लिए की इनाम की घोषणा

आगे उन्होंने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद आरडब्ल्यूए (RWA) पदाधिकारियों द्वारा इस समस्या पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी कारण उन्होंने अपनी बाइक पर एक पर्ची लगाकर चोर से ही विनम्र अपील कर दी है। उस पर्ची पर उन्होंने लिखा है- 'हे चोर जी इतनी दया करो कि बाइक पेट्रोल पम्प तक चली जाए, हर बार आपने तो सारा ही पेट्रोल निकाल लिया।'

इसके साथ ही विक्रम चौधरी ने यह भी घोषणा की है कि सोसायटी का जो भी कर्मचारी उनकी मोटरसाइकिल से पेट्रोल चोरी करने वाले व्यक्ति की सटीक सूचना देगा, उसे 500 रुपए का इनाम दिया जाएगा और उसका नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यमुना सफाई के लिए दिल्ली को नई सौगात, ड्रेनों में उतारीं गईं एक्सकेवेटर मशीनें

'मेंटेनेंस के नाम पर पैसा ले रहे लेकिन कैमरे के लिए पैसे नहीं'

विक्रम चौधरी ने बताया कि चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से सोसायटी में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई थी, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि सोसायटी में कई स्थानों पर कैमरे लगे ही नहीं हैं और जहां लगे हुए हैं उनमें से कई कैमरे खराब पड़े हैं, जबकि सीसीटीवी कैमरों की एएमसी (वार्षिक मेंटेनेंस) का पैसा निवासियों के मेंटेनेंस चार्ज से लगातार लिया जा रहा है।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि एक तरफ जहां सोसायटी में त्योहारों के नाम पर लाखों रुपए मनमाने तरीके से खर्च कर जश्न मनाया जाता है, वहीं दूसरी ओर सीसीटीवी लगाने के लिए फंड नहीं होने का बहाना बनाया जाता है। उनका कहना है कि जब त्योहारों पर इतना खर्च किया जा सकता है, तो सुरक्षा के लिए कैमरे लगाने या खराब कैमरों को ठीक कराने में पैसे की कमी बताना समझ से परे है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लंगर सेवा पर असर पड़ रहा; LPG को लेकर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति

'सोसायटी में पहले भी हो चुकीं चोरी की घटनाएं'

विक्रम चौधरी ने यह भी बताया कि इससे पहले सोसायटी स्थित श्री शिव बालाजी धाम मंदिर में दो बार कलश और त्रिशूल चोरी हो चुके हैं। इसके अलावा कोई अज्ञात व्यक्ति सोसायटी में खड़ी निवासियों की महंगी गाड़ियों पर भी लंबे-लंबे निशान और स्क्रैच मार रहा है। उन्होंने बताया कि इन सभी घटनाओं को लेकर वह कई बार सोसायटी के सभी व्हाट्सएप ग्रुपों में जानकारी साझा कर चुके हैं और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को भी बार-बार अवगत कराया है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।