Shopkeeper stabbed to death in Delhi for refusing to give eggs on credit अंडे उधार देने से मना करने पर दुकानदार की चाकू घोंपकर हत्या, दिल्ली के मछली बाजार में कांड, Ncr Hindi News - Hindustan
More

अंडे उधार देने से मना करने पर दुकानदार की चाकू घोंपकर हत्या, दिल्ली के मछली बाजार में कांड

। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी कबीर नगर निवासी 34 वर्षीय मोहसिन को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी पहले से ही कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

Thu, 7 May 2026 06:11 PMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, रजनीश पाण्डेय
share
अंडे उधार देने से मना करने पर दुकानदार की चाकू घोंपकर हत्या, दिल्ली के मछली बाजार में कांड

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में उधार में अंडे देने से इंकार करने पर एक अंडा विक्रेता की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी कबीर नगर निवासी 34 वर्षीय मोहसिन को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी पहले से ही कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

आरोपी ने मृतक से उधार में मांगे थे अंडे

छानबीन में पता चला कि मृतक फखरुद्दीन अपने पिता नासिर अहमद और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शास्त्री पार्क के बुलंद मस्जिद इलाके में ही रहता था। वह अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए अपने भाई के साथ मिलकर रेहड़ी पर अंडे बेचने का काम करता था। पुलिस जांच में परिजनों और चश्मदीदों के बयानों से यह बात सामने आई कि बुधवार देर रात आरोपी मोहसिन फखरुद्दीन की रेहड़ी पर पहुंचा और उधार में अंडे मांगने लगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में कैंसर, लीवर की नकली दवाएं बेचने वाले 4 गिरफ्तार, 10 करोड़ का माल जब्त

अंडे उधार देने से किया इंकार, तो घोंप दिए चाकू

फखरुद्दीन ने जब उधार देने से साफ मना कर दिया, तो दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी तथ्य सामने आया है कि दोनों के बीच पहले से ही किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश और विवाद चल रहा था। इसी पुरानी दुश्मनी और उधार न मिलने के गुस्से में मोहसिन ने अपना आपा खो दिया और फखरुद्दीन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने बताया, मछली बाजार के पास हुई हत्या

डीसीपी आशीष मिश्रा के अनुसार, यह वारदात बुधवार देर रात करीब 1.30 बजे की है। मामले में शास्त्री पार्क पुलिस को बुलंद मस्जिद स्थित मछली बाजार के पास एक व्यक्ति को चाकू मारे जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। घायल व्यक्ति की पहचान 50 वर्षीय फखरुद्दीन के रूप में हुई। लहूलुहान फखरुद्दीन को आनन-फानन में पास के जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:BJP का ISI से चोली दामन का साथ? मिशन पंजाब को संजय सिंह ने बताया- ब्लास्ट कराना
ये भी पढ़ें:दिल्ली में मामूली विवाद पर युवक को बुरी तरह पीटा, सड़क पर लुटा-लुटाकर मारा

आधा दर्जन से ज्यादा वारदातों में शामिलहै आरोपी

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए। स्थानीय खुफिया जानकारी और सीसीटीवी फुटेज व डंप डेटा की मदद से जांच करते हुए पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर गुरुवार सुबह आरोपी मोहसिन को इलाके से ही धर दबोचा। सख्ती से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर उस पर पहले से ही मारपीट, चोरी और लूटपाट जैसे सात गंभीर आपराधिक मामले दर्ज मिले हैं।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।