A young man was brutally beaten, robbed and killed on the street in Delhi over a minor dispute. दिल्ली में मामूली विवाद पर युवक को बुरी तरह पीटा, सड़क पर लुटा-लुटाकर मारा, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में मामूली विवाद पर युवक को बुरी तरह पीटा, सड़क पर लुटा-लुटाकर मारा

हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान वहां से गुजर रहे लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने युवक को बचाने की कोशिश नहीं की। हालांकि अंत में एक महिला आकर बीच-बचाव करती नजर आई।

Wed, 6 May 2026 11:37 PMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
दिल्ली में मामूली विवाद पर युवक को बुरी तरह पीटा, सड़क पर लुटा-लुटाकर मारा

दिल्ली के तिगड़ी थाना इलाके में मामूली विवाद को लेकर एक युवक की बीच सड़क पर बेरहमी से पिटाई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस बर्बर घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लड़के मिलकर पीड़ित को सड़क पर घसीट-घसीट कर पीटते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान वहां से गुजर रहे लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने युवक को बचाने की कोशिश नहीं की। हालांकि अंत में एक महिला आकर बीच-बचाव करती नजर आई।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान सुहैल के रूप में हुई है, जो वेल्डिंग का काम करता है। पीड़ित के भाई आशु ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे देवली रोड पर सुंदर लाल अस्पताल के पास की है। आशु काम खत्म करके एक दुकान पर अपने सारे औजार अंदर रखने गया था। तभी वहां एक बाइक सवार से धक्का लगने या पैर टच होने को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद उस लड़के ने फोन करके अपने 10-12 साथियों को बुला लिया, जिनमें कुछ महिलाएं भी शामिल थीं।

आरोप है कि इन लोगों ने सुहैल पर जानलेवा हमला कर दिया और उसे बुरी तरह पीटा। आरोप है कि पिटाई के बाद सुहैल बेहोश हो गया और हमलावरों ने उसकी जेब से 3-4 हजार रुपये नकद और एक कीमती स्मार्टफोन भी निकाल लिया। परिजनों का आरोप है कि इस मामले में तिगड़ी पुलिस का रवैया बेहद उदासीन रहा। बुधवार सुबह जब परिवार को घटना की जानकारी मिली तो वे सुबह 8 बजे थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने तुरंत कोई मदद नहीं की।

परिजनों को खुद ही मदन मोहन मालवीय अस्पताल जाकर पीड़ित की एमएलसी करवानी पड़ी। वीडियो वायरल होने और वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद अब पुलिस हरकत में आई है और एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।