दिल्ली के पहाड़गंज में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 1 आरोपी गिरफ्तार, 4 लड़कियां छुड़ाईं
दिल्ली पुलिस ने पहाड़गंज की एक बिल्डिंग में चलाए जा रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ कर शाहरुख नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही बिल्डिंग के अंदर से चार महिलाओं को भी छुड़ाया गया है।

दिल्ली पुलिस ने राजधानी के पहाड़गंज इलाके में कुतुब रोड पर स्थित सरन बिल्डिंग में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस छापेमारी के दौरान सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और चार महिलाओं को छुड़ाया है। इस ऑपरेशन को सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस और नबी करीम थाने की टीम ने मिलकर अंजाम दिया।
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया 11 जून 2026 की शाम करीब 7:30 बजे एक मुखबिर ने नबी करीम थाने के एसएचओ को पहाड़गंज इलाके में कुतुब रोड पर स्थित एक बिल्डिंग से कथित तौर पर चलाए जा रहे सेक्स रैकेट के बारे में जानकारी दी थी। एसएचओ ने इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस की एक रेडिंग टीम बनाकर उचित कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस टीम में सब-इंस्पेक्टर हर्ष, महिला एसआई श्रुति, हेड कॉन्स्टेबल सुनील अधाना, हेड कॉन्स्टेबल विकास, कॉन्स्टेबल धनसी, कॉन्स्टेबल फेरू और महिला कॉन्स्टेबल निशु शामिल थे।
पुलिस टीम ने कॉन्स्टेबल को नकली ग्राहक बनाकर भेजा
टीम ने मुखबिर द्वारा दी गई सूचना की पुष्टि करने के लिए कॉन्स्टेबल फेरू को नकली ग्राहक बनाकर उस बिल्डिंग में भेजा, जहां पर सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने बिल्डिंग पर छापेमारी कर कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करके 29 वर्षीय शाहरुख नाम के एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया। शाहरुख दिल्ली के ही लक्ष्मी नगर का रहने वाला है।
बिल्डिंग मालिक पर भी एफआईआर दर्ज
इसके अलावा पुलिस द्वारा दिल्ली के द्वारका में रहने वाले बिल्डिंग मालिक 58 वर्षीय हरिकिशन उर्फ राजू चैंपियन के खिलाफ भी अलग से एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी शाहरुख के खिलाफ भी नबी करीम थान में बीएनएस की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
4 महिलाओं को छुड़ाया गया
पुलिस ने छापेमारी के दौरान बिल्डिंग से चार महिलाओं को भी छुड़ाया है। इनमें एक उम्र 20, दूसरी की 25 साल, तीसरी की 31 साल और और चौथी की 34 साल है। इसके साथ ही वहां से मामले से जुड़े जरूरी सबूत भी कब्जे में लिए गए हैं।
शाहरुख का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी शाहरुख से कथित सेक्स रैकेट चलाने और इस काम में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है और उसकी पिछली आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और सभी जरूरी तथ्यों को स्थापित करने के लिए गहनता से इसकी जांच कर रही है।




साइन इन