school teacher died tragically in Delhi after her scooter was hit by a tanker दिल्ली में टैंकर की टक्कर से स्कूल शिक्षिका की दर्दनाक मौत, हेलमेट भी नहीं बचा सका जान, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में टैंकर की टक्कर से स्कूल शिक्षिका की दर्दनाक मौत, हेलमेट भी नहीं बचा सका जान

इस दुर्घटना के बाद मृतका के परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ सड़क जाम करते हुए प्रदर्शन किया और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जल बोर्ड के चालक नशा करके वाहन चलाते हैं।

Fri, 30 Jan 2026 06:41 PMSourabh Jain हिन्दुस्तान टीम, नई दिल्ली
share
दिल्ली में टैंकर की टक्कर से स्कूल शिक्षिका की दर्दनाक मौत, हेलमेट भी नहीं बचा सका जान

दिल्ली के आदर्श नगर में शुक्रवार को हुए एक दुखद सड़क हादसे में जल बोर्ड के टैंकर की टक्कर से एक शिक्षिका की दर्दनाक मौत हो गई। टैंकर की ठोकर से स्कूटी सवार महिला टीचर नीचे गिर गईं और टैंकर के पहिये के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नाज के रूप में हुई है, जो कि बुराड़ी के सरकारी गर्ल्स सेकेंडरी स्कूल में अंग्रेजी विषय की अध्यापिका थीं। हैरानी की बात यह है कि हादसे के वक्त नाज ने हेलमेट भी पहना हुआ था, लेकिन इसके बाद भी उनकी जान नहीं बच सकी। यह हादसा आदर्श नगर में सनी बाजार रोड पर हुआ।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद गुस्साई भीड़ ने आरोपी टैंकर ड्राइवर को पकड़ लिया और पुलिस के आने के बाद उसे उनके हवाले कर दिया। आरोपी चालक का नाम जगदेव है, जिसे आदर्श नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और मौके पर मौजूद टैंकर को जब्त कर लिया। इस दुर्घटना के बाद मृतका के परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ सड़क जाम करते हुए प्रदर्शन किया और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जल बोर्ड के चालक नशा करके वाहन चलाते हैं।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 2.22 बजे एक पीसीआर कॉल मिली, जिसमें 51 फीट रोड पर शाह आलम बांध रोड के पास हुई इस दुर्घटना के बारे में बताया गया। जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि पानी के एक टैंकर जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर DL-1GE-2203 है, उसने 51 फुटा रोड पर एक स्कूटी (DL01-SAK-4701) को टक्कर मार दी है। इस हादसे में स्कूटी चला रही महिला की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान नाज़, पिता महमूद आलम, निवासी H-3/1276, जहांगीरपुरी के रूप में हुई। जिसकी उम्र 30 साल थी। जिसके बाद ट्रक ड्राइवर जगदेव सिंह (उम्र- 59 साल), पिता प्रभु सिंह, निवासी 397, शिशोदिया चौपाल के पास, आज़ादपुर, दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली की तरह नोएडा में भी नगर निगम? जानें क्या प्लान कर रही योगी सरकार
ये भी पढ़ें:NDMC और DDA ने इस साल दिल्ली को किया सबसे ज्यादा हरा, जानिए क्या है पूरा मामला?
ये भी पढ़ें:दिल्ली के इस इलाके को रेखा सरकार की बड़ी सौगात, 728 करोड़ से होंगे विकास कार्य

पुलिस के अनुसार हादसे के बाद मृतक के परिवार के सदस्य, सड़क पर मौजूद कुछ लोग और स्थानीय मीडिया सहित अन्य लोग मौके पर जमा हो गए थे, लेकिन जहांगीरपुरी सब-डिवीजन के दोनों पुलिस स्टेशनों के स्टाफ ने कानून-व्यवस्था बनाए रखी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।