दिल्ली को इस साल NDMC और DDA ने किया सबसे ज्यादा हरा, जानिए क्या है पूरा मामला?
GAP 2025-26 के अंतर्गत दिल्ली में लगभग 70 लाख पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसकी तुलना में अबतक लगभग 53.71 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं, जो कि लक्ष्य का 76 प्रतिशत है। ग्रीन एक्शन प्लान 2025-26 इस वित्तीय वर्ष के साथ 31 मार्च 2026 को खत्म होगा।

दिल्ली के ग्रीन एक्शन प्लान के तहत साल 2025-26 में शहर को हरा करने में सबसे ज्यादा योगदान NDMC (नई दिल्ली नगर पालिका परिषद) और DDA (दिल्ली विकास प्राधिकरण) ने दिया है। इस बात का खुलासा हाल ही में विभाग की तरफ से दी गई आधिकारिक जानकारी में हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इन दोनों एजेंसियों ने इस साल राष्ट्रीय राजधानी में लगभग 53.7 लाख पेड़-पौधे रोपते हुए यहां की हरियाली को बढ़ाने में सबसे ज्यादा योगदान दिया है।
NDMC ने लगाए 22 लाख से ज्यादा पौधे
इस बारे में पीटीआई को मिली रिपोर्ट के अनुसार GAP (ग्रीन एक्शन प्लान) 2025-26 के दौरान जिन एजेंसियों पर दिल्ली में हरियाली बढ़ाने की जिम्मेदारी है, उन सबमें NDMC सबसे बड़ा भागीदार बनकर उभरा है। इस दौरान उसने 22.7 लाख से अधिक पेड़-पौधे और बांस का रोपण किया, जो इसके 11 लाख के लक्ष्य से 11.7 लाख यानी दोगुने से भी ज्यादा था। यह आंकड़ा तब का है, जब GAP को खत्म होने में अभी करीब दो महीने बाकी हैं।
दूसरे नंबर पर रहा DDA, रोपे 7.63 लाख पौधे
इस अवधि के दौरान दिल्ली को हरा बनाए रखने में DDA दूसरा सबसे बड़ा योगदानकर्ता बनकर उभरा। उसे 12 लाख पेड़-पौधे लगाने का लक्ष्य मिला था, जिसके मुकाबले उसने लगभग 7.63 लाख पौधे लगाए और अपने लक्ष्य का लगभग 64 प्रतिशत हासिल किया।
PWD तीसरे, तो चौथे नंबर पर रहा शिक्षा विभाग
पेड़-पौधे लगाने के मामले में लोक निर्माण विभाग (PWD) तीसरे नंबर पर रहा। उसने 4.55 लाख पौधे लगाने के मिले लक्ष्य की तुलना में करीब 4.08 लाख पौधे लगाए हैं। चौथे नंबर पर रहने वाले शिक्षा विभाग ने 3.7 लाख के अपने लक्ष्य को पार करते हुए 4.04 लाख पौधे रोपे।
लक्ष्य के मुकाबले सबसे ज्यादा पौधे लगाने का बनाया रिकॉर्ड
दिल्ली नगर निगम (MCD) ने अपने 7.03 लाख के लक्ष्य के मुकाबले करीब 3.66 लाख पौधे लगाए, जो उसके लक्ष्य का लगभग 52 प्रतिशत है। वहीं लक्ष्य की तुलना में सबसे ज्यादा अतिरिक्त पौधे लगाने के मामले में दिल्ली छावनी बोर्ड (DCB) सबसे आगे रहा। क्योंकि उसने अपने 41,000 पौधों के लक्ष्य के मुकाबले लगभग 2.17 लाख पौधे रोपे। उसने लक्ष्य से करीब 1.77 लाख अधिक पौधे लगाए।
इस बारे में संबंधित विभाग की तरफ से जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार अन्य शीर्ष 10 एजेंसियों में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने 92,262 पेड़ लगाए और उसका लक्ष्य 87,000 था। जबकि BSES राजधानी पावर लिमिटेड ने 47,051 पेड़ लगाए, जो उसके 47,000 के लक्ष्य से 51 अधिक थे।
GAP यानि हरित कार्य योजना 2025-26 के अंतर्गत करीब 70.82 लाख पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसकी तुलना में अबतक लगभग 53.71 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं, जो कि लक्ष्य का 76 प्रतिशत है। ग्रीन एक्शन प्लान 2025-26 इस वित्तीय वर्ष के साथ 31 मार्च 2026 को खत्म होगा।




साइन इन