SC must take cognizance and take strict action, Why AAP lash out so fiercely at Delhi CM Rekha Gupta सुप्रीम कोर्ट संज्ञान ले और सख्त ऐक्शन हो; दिल्ली की CM रेखा गुप्ता पर क्यों इस तरह भड़की AAP, Ncr Hindi News - Hindustan
More

सुप्रीम कोर्ट संज्ञान ले और सख्त ऐक्शन हो; दिल्ली की CM रेखा गुप्ता पर क्यों इस तरह भड़की AAP

मनीष सिसोदिया ने इस मुद्दे पर लिखा, 'दिल्ली की सीएम कह रही हैं कि अदालतों में फैसले 'सेटिंग' से आते हैं। और दिल्ली में इनके शराब घोटाले की कहानी को फर्जी करार देने वाली अदालत ‘सेट’ हो गई होगी। संविधान की शपथ लेकर पद पर बैठी बीजेपी की ये नेता सिर्फ अदालत का ही नहीं संविधान का भी अपमान कर रही हैं।'

Fri, 27 March 2026 06:07 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
सुप्रीम कोर्ट संज्ञान ले और सख्त ऐक्शन हो; दिल्ली की CM रेखा गुप्ता पर क्यों इस तरह भड़की AAP

आम आदमी पार्टी के तमाम नेता दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के दिए एक बयान पर बुरी तरह भड़क गए हैं। उनके बयान का वीडियो शेयर करते हुए AAP नेताओं ने दावा किया कि संवैधानिक पद पर बैठी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कोर्ट के सेट हो जाने की बात कही है। AAP नेताओं ने कहा कि सीएम ने यह बात दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पार्टी नेता मनीष सिसोदिया के बारे में आए कोर्ट के फैसले को लेकर कही। जिसके बाद इस मुद्दे को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट से दखल देने और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के खिलाफ सख्त ऐक्शन लेने की मांग की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय सिंह ने कहा, 'संवैधानिक पद पर बैठीं रेखा गुप्ता जी ने यह बयान दिया है कि अदालत से जो अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और अन्य लोगों के पक्ष में जो फैसला आया है, वह अदालत को सेट करके लिया गया है। इस दौरान संजय सिंह ने इसे अदालत का इतना बड़ा घोर अपमान बताया।

उन्होंने कहा, 'आपने कभी नहीं सुना होगा कि सीएम के पद पर बैठा कोई व्यक्ति ऐसा बयान दे। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि अरविंद केजरीवाल के खिलाफ जो फैसले पहले आए वो सेट करके आपने लिया था क्या? भाजपा और नरेंद्र मोदी जी ने सेट करके वो फैसले लिए क्या, जो फैसले हमारे खिलाफ तमाम अदालतों से आए थे, क्या वो आपने सेट करके लिए थे?'

आगे संजय सिंह ने कहा, 'एक फैसला जिसमें जज साहब कह रहे हैं कि फाइलें उनसे बात करती थीं, फाइलें बोलती थीं कि केजरीवाल और सिसोदिया और सभी निर्दोष हैं। कोई सबूत नहीं उनके खिलाफ, उन्हें आरोप मुक्त कर दिया। यानी कि कहा कि चार्ज फ्रेम करने लायक सबूत तक नहीं हैं। बहुत मुश्किल से ऐसे फैसले आते हैं, बहुत हिम्मत चाहिए किसी जज को ऐसे फैसले देने के लिए और आप कह रहे हैं कि फैसला अदालत को सेट करके लिया गया।'

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान AAP नेता ने आगे कहा, 'इसका मतलब है कि आप इशारों में बता रहे हैं कि आगे क्या होगा, इसका मतलब आगे आपने सेट किया होगा। आगे सेट करके फैसला बदलवाना चाहती हैं, आपकी बातों से यही लगता है। हमने तो सपने में भी नहीं सोचा कि अदालतें सेट होती हैं। भाजपा की एक मुख्यमंत्री कह रही हैं कि अदालतें सेट होती हैं। इसका मतलब हमारे खिलाफ जितने फैसले आए, वे अदालतों को सेट करके आए।'

आगे उन्होंने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट से दखल देने की मांग करते हुए कहा, 'सुप्रीम कोर्ट को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बयान का संज्ञान लेना चाहिए और न्यायालय की अवमानना का मुकदमा चलाना चाहिए, और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। ऐसी महिला को मुख्यमंत्री के पद पर बैठे रहने का अधिकार नहीं हो जो ऐसी टिप्पणी करें कि अदालतें सेट होती हैं।'

रेखा गुप्ता ने क्या कहा था?

दरअसल AAP के तमाम नेता मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के जिस बयान को लेकर भड़के हुए हैं, उसे उन्होंने एक टीवी चैनल द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिया था। इस बयान की वीडियो क्लिप लगभग सभी बड़े AAP नेताओं ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की। जिसमें सीएम कहती नजर आ रही हैं, 'कितने तथ्य थे और वो जिस चीज को कह रहे हैं कि मैं कट्टर ईमानदार होकर छूट गया हूं, मैं ड्रेकेन हो गया हूं, वो एक न्यायिक प्रक्रिया है, जिसका पहला फेज हो सकता है, उन्होंने क्या करके, सेट करके चीजें निकालीं, परन्तु अगले फेज में भी उनको सामना करना पड़ेगा, जवाब देना पड़ेगा। और उसके बाद यदि वो पूरी न्यायिक प्रक्रिया निकल जाते हैं, तो दिल्ली भी देखेगी और जनता भी उनसे पूछेगी।'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में स्कूल की मनमानी; बढ़ी फीस न देने पर रोका रिजल्ट, 40 स्टूडेंट को नोटिस

क्या अवमानना का मामला नहीं चलना चाहिए: आतिशी

दिल्ली विधानसभा की नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने सीएम गुप्ता के इस वीडियो को शेयर करते हुए उन पर हमला बोला और लिखा, 'चौंकाने वाला! दिल्ली की CM रेखा गुप्ता आरोप लगा रही हैं कि न्यायपालिका को 'सेट' कर लिया गया है! क्या BJP न्यायपालिका के बारे में यही सोचती है? क्या उन पर अवमानना ​​का मामला नहीं चलना चाहिए?'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नीलकंठ वर्णी; 11 साल की उम्र में पैदल चले 12000KM, आगे चलकर कहलाए भगवान

सिसोदिया ने बताया किसके साथ हैं उनकी सेटिंग

पूर्व उप मुख्यमंत्री और वरिष्ठ AAP नेता मनीष सिसोदिया ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, 'रेखा गुप्ता जी! हमारी सेटिंग सच्चाई के साथ है, कट्टर ईमानदारी के साथ है, देश को आगे बढ़ाने का सपना देखने वाले देशभक्तों के साथ है… आपको क्या पता ईमानदारी, देशभक्ति, सच्चाई क्या चीज़ होती है। इसलिए आप ‘सत्यमेव जयते’ का मतलब कभी समझ ही नहीं पाएंगी।' सिसोदिया ने आगे लिखा, 'जिस तरह आपके एक ही साल के राज में दिल्ली की जनता त्राहि-त्राहि कर उठी है, ईश्वर दिल्ली के लोगों की आपसे और आपकी पार्टी की लूट खसोट की राजनीति से रक्षा करे।'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट कैसे बदल देगा दिल्ली-NCR की तस्वीर? जानें सब कुछ

इसके बाद इसी मसले को लेकर किए एक पोस्ट में सिसोदिया ने लिखा, 'दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कह रही है कि अदालतों में फैसले 'सेटिंग' से आते हैं। और दिल्ली में इनके शराब घोटाले की कहानी को फर्जी करार देने वाली अदालत “सेट” हो गई होगी। संविधान की शपथ लेकर पद पर बैठी बीजेपी की ये नेता सिर्फ अदालत का ही नहीं संविधान का भी अपमान कर रही हैं।'

सौरभ भारद्वाज बोले- रेखा गुप्ता CM बनने लायक नहीं

उधर आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मुख्यमंत्री के बयान का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'दिल्ली की CM रेखा गुप्ता में इतनी हिम्मत है कि वह नेशनल TV पर खुलेआम पूरे भारतीय न्यायिक सिस्टम पर सवाल उठा रही हैं और उसे बदनाम कर रही हैं। उन्होंने बेशर्मी से दावा किया कि केजरीवाल के एक्साइज केस में बरी होने के मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट के जज को AAP ने 'सेट' किया था।'

आगे उन्होंने लिखा, 'यह महिला, जो AQI का सही उच्चारण भी नहीं कर सकती, जिसने मजाकिया तौर पर दावा किया था कि शहीद भगत सिंह ने 'कांग्रेस सरकार' (न कि अंग्रेजों!) पर बम फेंका था, और जिसने एक बार AQI को 'एक तरह का तापमान' कहा था, उसमें इतनी हिम्मत है कि वह एक मौजूदा जज को भ्रष्ट और कोर्ट को 'फिक्स्ड' घोषित कर दे??'

'फैसला आपके अनुसार नहीं आया तो जजों पर हमला कर रहे'

आगे भारद्वाज ने उस कार्यक्रम की एंकर नविका कुमार पर निशाना साधा और कहा कि 'वह चुपचाप बैठी रहीं, और बिना कोई कड़ा सवाल पूछे इस तमाशे को चलने दिया।' इसके बाद एकबार फिर सीएम को निशाने पर लेते हुए सौरभ ने कहा, 'रेखा गुप्ता सिर्फ CM बनने के लायक ही नहीं हैं। वह तो चलती-फिरती शर्मिंदगी हैं, जिनके मन में न्यायपालिका के लिए जरा भी इज्जत नहीं है।'

अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, 'अगर वह सिर्फ इसलिए जजों पर इतनी बेशर्मी से हमला कर सकती हैं क्योंकि कोई फैसला उनके मन-मुताबिक नहीं आया, तो यह लोकतंत्र के लिए किस तरह की खतरनाक मिसाल कायम कर रहा है? एक नाकाम नेता की तरफ से पूरी तरह से पाखंड, जो ठीक से बात भी नहीं कर सकती, फिर भी कोर्ट को लेक्चर देना चाहती है।'

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।