दिल्ली में स्कूल की मनमानी; बढ़ी फीस ना देने पर रोका रिजल्ट, 40 स्टूडेंट को नोटिस
दिल्ली के मयूर विहार स्थित एक निजी स्कूल की मनमानी का मामला सामने आया है। अभिभावकों का आरोप है कि फीस नहीं भरने पर 40 छात्रों का नाम काटने का नोटिस दिया गया और रिजल्ट रोक दिया गया।

दिल्ली में निजी स्कूलों की मनमानी फीस का मामला थम नहीं रहा है। शुक्रवार को पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज तीन स्थित एक निजी स्कूल के अभिभावकों ने आरोप लगाते हुए बताया कि बढ़ी हुई फीस का भुगतान न करने पर 40 छात्रों का नाम काटने का स्कूल ने नोटिस दिया है।इसे लेकर अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी अभिभावकों ने आरोप लगाया कि स्कूल द्वारा मनमानी फीस न चुकाने पर छात्रों का परीक्षा परिणाम भी रोका दिया है।
शिक्षा निदेशालय की मंजूर ही देंगे
साथ ही, बढ़ी हुई फीस का भुगतान न करने पर आगामी सत्र से छात्रों को स्कूल न भेजने का नोटिस थमाया है। अभिभावक इस संबंध में शिक्षा निदेशक से भी मिले। शिक्षा निदेशक ने उन्हें आश्वासन दिया है। बता दें कि इससे पहले भी बढ़ी हुई फीस का भुगतान न करने पर कुछ छात्रों को प्रवेश करने से रोक दिया था। अभिभावक प्रदीप सोनी ने बताया कि वह शिक्षा निदेशालय द्वारा मंजूर फीस का पहले से भुगतान कर रहे हैं।
एक अप्रैल से स्कूल नहीं भेजने का दिया नोटिस
उन्होंने कहा कि स्कूल ने शिक्षा निदेशालय या कोर्ट की अनुमति लिए बिना फीस बढ़ा दी है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024-25 में 32 फीसदी फीस बढ़ाई। इसके बाद वर्ष 2025-26 में 19 फीसदी फीस बढ़ा दी। यह कहां का इंसाफ है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी का कक्षा तीसरी का परिणाम रोक दिया है। साथ ही, बढ़ी हुई फीस का भुगतान न करने पर एक अप्रैल से बच्ची को स्कूल न भेजने का नोटिस दिया है।
बढ़ी फीस तब देंगे जब…
40 छात्रों में केजी से लेकर 12वीं कक्षा तक के छात्र शामिल हैं। अभिभावकों ने कहा कि वह तय नियम अनुसार फीस दे रहे हैं। लेकिन, बढ़ी हुई फीस वह तब देंगे जब शिक्षा निदेशालय या कोर्ट बोलेगा। अभिभावक सुनील ने कहा कि सैलरी उतनी ही है, लेकिन स्कूल हर साल मनमानी फीस बढ़ा रहा है।
रोका रिजल्ट
अभिभावक सुनील ने कहा कि उनका बेटा छठी कक्षा में पढ़ता है, उनका परीक्षा परिणाम रोक दिया है। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि हाल ही में कुछ छात्रों को स्कूल पहुंचने के कुछ देर बाद वापस घर भेज दिया था। अभिभावकों ने आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूल बढ़ी फीस न देने की वजह से स्कूल ने नाम काटने के लिए कहा है।
नाम काटने का नोटिस
उधर, अभिभावकों ने कहा कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों से इस मामले को लेकर अपनी बात रखी तो उन्होंने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस संबंध में स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया। अभिभावक मोहित ने दावा किया कि स्कूल ने उन्हें एक नोटिस भेजा, जिसमें कहा गया कि दिल्ली स्कूल एजुकेशन नियमों के तहत छात्रों के नाम काट दिए जाएंगे। अभिभावकों ने कहा कि अगर शिक्षा विभाग द्वारा समाधान नहीं होता है तो वह जल्द कोर्ट का रुख करेंगे।




साइन इन