राघव चड्ढा संग किसके जाने पर सबसे ज्यादा हैरान रह गए संजय सिंह, कहा- उम्मीद नहीं थी कि...
पार्टी के राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा है कि संदीप पाठक को लेकर किसी को ऐसी उम्मीद नहीं थी। उन्हें देखकर सभी हैरान रह गए थे।

आम आदमी पार्टी (आप) में 24 अप्रैल को हुई अब तक की सबसे बड़ी टूट से पार्टी नेतृत्व हैरान है। खासकर राघव चड्ढा के साथ भाजपा में गए सात सांसदों में से एक को देखकर पार्टी आश्चर्यचकित रह गई। पार्टी के राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा है कि संदीप पाठक को लेकर किसी को ऐसी उम्मीद नहीं थी। उन्हें देखकर सभी हैरान रह गए थे। सिंह ने आरोप लगाया कि ईडी जैसी एजेंसियों का डर दिखाकर भाजपा सरकार दूसरे दलों में टूटफूट को अंजाम दे रही है और कई राज्यों में तो पूरी सरकार को इधर से उधर कर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि राघव चड्ढा और अन्य की सदस्यता रद्द कराने के लिए उनकी पार्टी अदालत का दरवाजा भी खटखटाएगी।
संदीप पाठक के जाने की उम्मीद नहीं थी
एक ताजा इंटरव्यू में संजय सिंह ने पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों के भाजपा के साथ विलय कर लिए जाने पर विस्तार से जवाब दिया। संगठन महासचिव रहे संदीप पाठक के भी भाजपा में चले जाने को लेकर सवाल किया गया तो संजय सिंह ने कहा कि यह उम्मीद के विपरीत हुआ। उन्होंने कहा, 'संदीप पाठक को लेकर जरूर बहुत सारे लोगों का फोन आया। उनके फैसले को लेकर सबने हैरानी जताई और मुझे भी आश्चर्य हुआ। मेरा भरोसा था। एक परिवार में भी यदि 10 लोग होते हैं तो सबको लेकर अलग-अलग राय होती है। संदीप पाठक को लेकर ना सिर्फ मेरी बल्कि मुझ जैसे बहुत सारी लोगों की राय थी कि ये पार्टी को लेकर समर्पित, निष्ठावान साथी हैं, जो कभी टूटेंगे नहीं। मैं इस परिपेक्ष्य में आपनी बातें कह रहा हूं।'
हरभजन सिंह पर कहा- उनकी अपनी संपत्ति, कारोबार
हरभजन सिंह को लेकर राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा,'गनपॉइंट पर तो आप किसी को भी तोड़ लें। हरभजन सिंह सामने आकर तो नहीं बोलेंगे,लेकिन ये सब ऐसे लोग हैं जिनकी अपनी संपत्तियां हैं, कारोबार हैं, जिसको लेकर दबाव है। उनकी अपनी संपत्ति-प्रॉपर्टी हैं। अंतरराष्ट्रीय प्लेयर हैं होने का सम्मान हैं, लेकिन जिस भाजपा ने पंजाब के किसानों, लोगों को धोखा दिया उस पार्टी में जाने का बिल्कुल सम्मान है।' हरभजन सिंह के घर पर गद्दार लिखे जाने पर उन्होंने कहा, 'जिन लोगों के मन में नाराजगी हुई होगी उन्होंने विरोध जताया।'
नए उपनेता के जाने पर क्या कहा?
राघव चड्ढा की जगह राज्यसभा में उपनेता बनाए जाने के बाद भी अशोक मित्तल के भाजपा में चले जाने पर संजय सिंह ने ईडी की कार्रवाई और दबाव का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, 'उनको उपनेता बनाया पार्टी ने। इसके बाद उन पर ईडी का छापा पड़ा तो केजरीवाल जी से लेकर हम सबने बोला, प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जब ईडी का छापा पड़ा तो भाजपा वालों ने कहा कि बेईमान हैं, भ्रष्ट हैं। दबाव बनाकर अपनी पार्टी में शामिल कर लिया। इससे बात पुख्ता हो जाती है कि बाकी लोगों को भी इसी तरह दबाव बनाकर, गन पॉइंट पर साथ लिया गया है।'
मेरी गारंटी मोदी भी दे सकते हैं: संजय सिंह
संजय सिंह ने कहा कि भाजपा ने कभी उन्हें तोड़ने की कोशिश नहीं की और वह कभी भाजप में नहीं जाएंगे इसकी गारंटी पीएम मोदी भी दे सकते हैं। उन्होंने कहा, 'हमारे ऊपर कभी ट्राई नहीं किया। मुझे जेल भेजा था। जब मैं तारीख पर आया तो मैंने कहा कि मैं मोदी की यातना का पैमाना चेक करना चाहता हूं। मैं जब भी तारीख पर आता था मैं मोदी, शाह,अडानी पर बोलकर जाता था। उन्होंने देख लिया कि जेल में रखो या सूली पर चढ़ा दो फर्क नहीं पड़ता, इसलिए मुझ पर ट्राई नहीं किया।' संजय सिंह ने एक और सवाल के जवाब में कहा, 'मेरे भाजपा में ना जाने की गारंटी पीएम मोदी भी दे सकते हैं। यदि उनसे पूछा जाए कि कौन कभी भाजपा में शामिल नहीं हो सकता है तो उनका नाम भी लिया जाएगा।'




साइन इन