अरविंद केजरीवाल के नए बंगले के अंदर से आई पहली तस्वीर, क्या दिखा इसमें
आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के लिए उनके नए आवास में पहुंचे थे। भारती ने केजरीवाल के साथ एक तस्वीर साझा की है, जिसमें एक झलक दिख रही है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविंद केजरीवाल हाल में नए आवास में शिफ्ट हुए हैं। राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष होने के नाते केंद्र सरकार की ओर से आवंटित किए गए इस बंगले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विवाद उत्पन्न करने की कोशिश की है। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल के नए बंगले को 'शीशमहल-2' बताते हुए इसके साज-सज्जा पर भारी खर्च के आरोप लगाए। हालांकि, आम आदमी पार्टी ने तस्वीरों को इंटरनेट से डाउनलोड किया गया बताकर आरोपों का खंडन किया। इस बीच केजरीवाल के नए आवास के भीतर की एक नई तस्वीर सामने आई है।
दरअसल, यह तस्वीर साझा की है आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सोमनाथ भारती ने। दिल्ली सरकार में मंत्री रह चुके सोमनाथ अपने सर्वोच्च नेता से मुलाकात के लिए उनके आवास गए थे। यहां उन्होंने केजरीवाल के साथ ली गई तस्वीर को सोशल मीडिया पर साझा किया। हालांकि, इस तस्वीर में जो कुछ दिख रहा है वह सामान्य है। साज-सज्जा और कमरे में रखे सामान उस सीएम आवास से काफी अलग हैं, जिसे भाजपा शीशमहल कहकर पुकारती है। केजरीवाल और सोमनाथ भारती एक सोफे के आगे हैं। तस्वीर में एक छोटी सी स्टूल पर डायरी पेन आदि रखे दिख रहे हैं। हालांकि, इस तस्वीर में एक कमरे का एक हिस्सा मात्र दिख रहा है।
भारती बोले- पीएम आवास के करीब होते जा रहे
सोमनाथ भारती ने केजरीवाल के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'आज अपने नेता से उनके नए आवास पर मिलने का अवसर मिला। एक बात जिसकी मैंने हमेशा तारीफ की है-उनका पैड और पेन साथ रखना। हर विचार, चाहे वह कहीं से भी आए उसे महत्व देते हैं, नोट करते हैं और अक्सर तुरंत उस पर काम भी शुरू हो जाता है। यही सच्चे नेतृत्व की पहचान है।' सोमनाथ भारती ने यह भी कहा कि उनका आवास लगातार पीएम आवास से करीब होता जा रहा है। उन्होंने लिखा, 'एक दिलचस्प पैटर्न भी देखने को मिला- उन्हें आवंटित हर नया घर जैसे प्रधानमंत्री के आवास के और करीब होता जा रहा है। हम होंगे कामयाब एक दिन!'
कहां है केजरीवाल का नया बंगला
अरविंद केजरीवाल 24 अप्रैल को 95, लोधी एस्टेट में केंद्र सरकार द्वारा आवंटित टाइप-7 सरकारी बंगले में शिफ्ट हुए। टाइप-7 बंगले का आवंटन पिछले वर्ष अक्टूबर में किया गया था। केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री रहते हुए सिविल लाइंस स्थित 6, फ्लैग स्टाफ रोड के सरकारी आवास में रह रहे थे। सितंबर 2024 में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद वह राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल को आवंटित सरकारी बंगले में रहने चले गए थे।
नए बंगले पर क्या आरोप-प्रत्यारोप
भाजपा ने लोधी एस्टेट में आवंटित नए बंगले को लेकर अरविंद केजरीवाल को घेरा और इसे 'शीशमहल-2' करार देते हुए आरोप लगाया कि इसमें सुविधाएं हासिल करने के लिए निजी धन खर्च किया गया है। मंत्री प्रवेश वर्मा और भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, 'जैसा कि इन तस्वीरों से स्पष्ट है, ये किसी 'आम आदमी' की पसंद नहीं, बल्कि एक बेहद उच्चवर्गीय व्यक्ति की पसंद है।'स्वराज ने एक निजी कंपनी का नाम भी उजागर किया और दावा किया कि उसी ने आवास के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराया है। 'आप' की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, 'तस्वीरें पूरी तरह फर्जी हैं, इंटरनेट से डाउनलोड की गई हैं। भाजपा झूठ और घोटालों के सहारे चल रही है।' उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गलत जानकारी फैलाकर इन तस्वीरों को केजरीवाल के आवास की तस्वीरें बताने की कोशिश कर रही है, जो पूरी तरह झूठ है। उन्होंने भाजपा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आवास दिखाने की चुनौती दी है।




साइन इन