कहां छिपा था सलीम वास्तिक पर हमला करने वाला दूसरा आरोपी गुलफाम; क्या था प्लान?
Salim Wastik Attacker Gulfan Encounter: यू-ट्यूबर सलीम पर जानलेवा हमला करने वाला एक लाख का इनामी बदमाश गुलफाम पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। इससे पहले उसका भाई जीशान भी मुठभेड़ में मारा जा चुका है।

यू-ट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला करने वाला एक लाख का इनामी बदमाश गुलफाम पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। सलीम पर हमले के बाद गुलफाम और उसका भाई जीशान फरार थे। रविवार को हुई पहली मुठभेड़ में जीशान मारा गया था। गुलफाम भाग निकला था। पुलिस के अनुसार, गुलफाम इंदिरापुरम में छिपा हुआ था। उसकी योजना फरार होने की थी। मंगलवार रात गाजियाबाद क्राइम ब्रांच और स्वाट टीम के साथ हुई दूसरी मुठभेड़ में वह भी मारा गया।
शिद्दत से तलाश कर रही थी पुलिस टीमें
घटनाक्रम से अवगत एक सूत्र ने बताया कि गाजियाबाद के लोनी की अली गार्डन कॉलोनी में रहने वाले पूर्व मुस्लिम और यू-ट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला करने वाले गुलफाम की तलाश में पुलिस की टीमें बड़ी शिद्दत के साथ दिल्ली और अमरोहा समेत कई शहरों में तलाश कर रही थीं।
इंदिरापुरम में छिपकर रह रहा था गुलफाम
एनकाउंटर में भाई जीशान के मारे जाने के बाद गुलफाम इंदिरापुरम में छिपकर रह रहा था। मंगलवार को वह मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान उसकी पुलिस से मुठभेड़ हो गई।
पेपर कटर से रेता था सलीम का गला
अली गार्डन कॉलोनी में रहने वाले यू-ट्यूबर सलीम वास्तिक पर अमरोहा के गांव सैद नंगली निवासी दो भाईयों जीशान और गुलफाम ने 27 फरवरी सुबह कार्यालय में घुसकर जानलेवा हमला किया था। छोटे भाई जीशान ने पेपर कटर से सलीम का गला रेता था।
दोनों पर था एक-एक लाख का इनाम
वहीं, बड़े भाई गुलफाम ने कार्यालय में मौजूद कांच की मेज से भाई के चंगुल से बचने की कोशिश कर रहे सलीम की कमर एवं पेट में ताबड़तोड़ वार किए थे। दोनों भाईयों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखे थे। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश राइडर बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए थे। दोनों पर पुलिस की ओर से एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
तीन दिन में दूसरी मुठभेड़
यह तीन दिन में दूसरी मुठभेड़ है। लोनी थाना पुलिस और स्वाट टीम की रविवार रात निठोरा रोड पर पुलिस से हुई मुठभेड़ में 27 वर्षीय जीशान की गोली लगने से मौत हो गई थी। मुठभेड़ के दौरान उसका भाई गुलफाम अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल हो गया था।
गाजियाबाद क्राइम ब्रांच और स्वाट टीम का ऐक्शन
जीशान के पास से इटली निर्मित पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल किया गया पेपर कटर बरामद हुआ था। फरार आरोपी गुलफाम पर दो दिन पहले ही एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मंगलवार रात इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में गाजियाबाद क्राइम ब्रांच और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में गुलफाम ढेर हो गया।
बाल बाल बचे थे लोनी थाना प्रभारी
मुठभेड़ में लोनी थाना प्रभारी मुकेश सोलंकी बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली से बाल बाल बचे थे। बदमाशों द्वारा चलाई गई दो गोलियां उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर सीने में लगी थी। वहीं बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली से हेड कांस्टेबल सचिन एवं हेड कांस्टेबल विपिन गोली लगने से घायल हुए थे।




साइन इन