मुझे उनके अपराधों का हि्स्सा नहीं बनना; राघव चड्ढा के AAP पर गंभीर आरोप, PM मोदी की खूब की तारीफ
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका देते हुए दो तिहाई सासंदों के साथ पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने आप के 6 सासंदों के साथ बीजेपी में शामिल होने की घोषणा की है।

राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका देते हुए दो तिहाई सासंदों के साथ पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने आप के 6 सासंदों के साथ बीजेपी में शामिल होने की घोषणा की है। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी पर कई गंभीर आरोप लगाए और पीएम मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा, मेरी अपनी ही पार्टी ने मेरी आवाज बंद कर दी। इस पार्टी को मैंने अपने खून पसीने से सींचा लेकिन अब ये अपने असल मुद्दे से भटक गई है। उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने कई ऐसे फैसले लिए हैं जो पहले लोग लेने से हिचकिचाते थे।
राघव चड्ढा ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने कई ऐसे कड़े फैसले लिए हैं जिन्हें पहले के नेता शायद लेने में हिचकिचाते थे, चाहे वह आतंकवाद को खत्म करना हो या भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में टॉप पर जगह दिलाना। जनता ने इस नेतृत्व को एक बार नहीं, दो बार नहीं, बल्कि तीन बार समर्थन दिया है। हम सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प के साथ काम करने को अपना सौभाग्य समझते हैं और राष्ट्र के लिए मेबनत करते रहेंगे।
उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, जो लोग इस बात से निराश थे कि एक सांसद के रूप में मैं आम नागरिकों के मुद्दों को नहीं उठा पाऊंगा क्योंकि मेरी अपनी पार्टी ने मेरी आवाज दबा दी थी, मैं उन्हें आश्वस्त करना चाहता हूं कि वे चिंता न करें। मैं आपके सभी मुद्दों को उसी प्रतिबद्धता, उत्साह और ऊर्जा के साथ उठाता रहूंगा।
मैं उनके गुनाहों में शामिल नहीं था- राघव चड्ढा
राघव चड्ढा ने कहा, मैं आपको वह असली कारण बता रहा हूं जिसकी वजह से मैंने खुद को पार्टी की गतिविधियों से दूर कर लिया। मैं उनके अपराधों का हिस्सा नहीं बनना चाहता था। मैं उनकी दोस्ती के लायक इसलिए नहीं था क्योंकि मैं उनके गुनाहों में शामिल नहीं था। हमारे पास केवल दो ही विकल्प थे, या तो हम राजनीति छोड़ दें और पिछले 15-16 वर्षों के अपने सार्वजनिक कार्यों को त्याग दें, या फिर हम अपनी ऊर्जा और अनुभव के साथ सकारात्मक राजनीति करें। इसलिए, हमने यह फैसला लिया है कि राज्यसभा में 'आप' के 2/3 सदस्य, भारत के संविधान के प्रावधानों का उपयोग करते हुए, अपना विलय बीजेपी में करते हैं।
उन्होंने आगे कहा, जिस आम आदमी पार्टी को मैंने अपने खून-पसीने से सींचा और अपनी जवानी के 15 साल दिए, वह अपने सिद्धांतों, मूल्यों और मूल सिद्धांतों से भटक गई है। अब यह पार्टी राष्ट्रहित में नहीं, बल्कि अपने निजी फायदे के लिए काम कर रही है। पिछले कुछ सालों से मुझे ऐसा लग रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही आदमी हूं। इसलिए, आज मैं घोषणा करता हूं कि मैं आम आदमी पार्टी से अलग हो रहा हूं और जनता के करीब आ रहा हूं।




साइन इन