नोएडा एयरपोर्ट तक हाईस्पीड ट्रेन चलाने की तैयारी, सिर्फ 21 मिनट में तय होगी दिल्ली से 70 KM की दूरी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली से वाराणसी तक चलने वाली हाईस्पीड ट्रेन से जोड़ने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मंगलवार को नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड की टीम यीडा पहुंची। परियोजना के एलाइनमेंट समेत एयरपोर्ट के आसपास के इंफ्रास्ट्रक्चर पर चर्चा की गई।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली से वाराणसी तक चलने वाली हाईस्पीड ट्रेन से जोड़ने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मंगलवार को नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड की टीम यीडा पहुंची। यहां घंटों तक परियोजना के एलाइनमेंट समेत एयरपोर्ट के आसपास के इंफ्रास्ट्रक्चर पर चर्चा की गई, ताकि हाईस्पीड ट्रेन के स्टेशन एलाइनमेंट के अनुसार डीपीआर में शामिल किया जा सके।
गौतमबुद्ध नगर में दो स्टेशन प्रस्तावित
एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि दिल्ली से वाराणसी तक चलने वाली हाईस्पीड ट्रेन के लिए गौतमबुद्ध नगर में दो स्टेशन प्रस्तावित है। पहला स्टेशन नोएडा के सेक्टर-148 में होगा। इसके बाद दूसरा स्टेशन सीधे जेवर में बन रहे नोएडा एयरपोर्ट के ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन सेंटर (जीटीसी) में भूमिगत बनेगा। विगत माह फरवरी में केंद्रीय बजट में इस रूट पर मुहर लग चुकी है।
एलाइनमेंट पर चर्चा
मंगलवार को नेशनल हाईस्पीड रेल कारपोरेशन लिमिटेड के प्रिंसिपल चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर सुधीर कुमार गुप्ता टीम के साथ यमुना विकास प्राधिकरण (यीडा) पहुंचे थे। यहां उन्होंने बैठक में परियोजना के एलाइनमेंट पर चर्चा की। साथ ही एयरपोर्ट के आसपास के इंफ्रास्ट्रक्चर के बारे में जानकारी ली।
भूमिगत स्टेशन को डीपीआर में शामिल करने की कवायद
यीडा के सीईओ आरके सिंह ने कहा कि हाईस्पीड ट्रेन परियोजना को लेकर नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड की टीम के साथ बैठक हुई थी। बैठक का मुख्य उद्देश्य टीम को एयरपोर्ट के आसपास के इंफ्रास्ट्रक्चर से अवगत कराना था, ताकि बिना किसी परियोजना को प्रभावित करे हाईस्पीड ट्रेन के एयरपोर्ट पर बनने वाले भूमिगत स्टेशन को डीपीआर में शामिल किया जा सके।
हाईस्पीड ट्रेन से जुड़ने वाला पहला एयरपोर्ट होगा
नोएडा एयरपोर्ट हाईस्पीड ट्रेन से सीधे जुड़ने वाला पहला अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होगा। एयरपोर्ट को मेट्रो, नमो भारत के साथ ही दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, यमुना-गंगा एक्सप्रेसवे, एनएच-34, 91 और ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे समेत अन्य मार्गों और हाइवे से कनेक्ट करने का काम किया जा रहा है। कुछ काम पूरे भी हो चुके हैं। यहां तक कि गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट तक चलने वाली नमो भारत और मेट्रो के स्टेशन भी तय हो चुके हैं।
दिल्ली से 21 मिनट में पहुंचेंगे एयरपोर्ट
दावा है कि हाईस्पीड ट्रेन परियोजना से दिल्ली के सराय काले खां से नोएडा एयरपोर्ट का 70 किलोमीटर का सफर मात्र 21 मिनट में पूरा हो सकेगा। रेलवे ट्रैक नोएडा व ग्रेनो एक्सप्रेसवे के ऊपर से बीचोंबीच यानी सड़क के दोनों लेन के बीच के हिस्से पर एलिवेटेड बनेगा। इसी तरह यमुना एक्सप्रेसवे से होता हुआ एयरपोर्ट के जीटीसी तक जाएगा। हाईस्पीड ट्रेन चलने पर दुनियाभर से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।




साइन इन