नोएडा में नया 6 लेन एक्सप्रेसवे बनाने की DPR 2 महीने में होगी तैयार, यहां से निकलेगा रूट
यूपीडा की सलाहकार एजेंसी के अधिकारियों ने नोएडा में यमुना पुश्ते पर बनने वाले 6 लेन के एक्सप्रेसवे के लिए मंगलवार को जमीनी हालात देखे। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का दावा है कि डीपीआर करीब दो महीने में तैयार हो जाएगी।

यूपीडा की सलाहकार एजेंसी के अधिकारियों ने नोएडा में यमुना पुश्ते पर बनने वाले 6 लेन के एक्सप्रेसवे के लिए मंगलवार को जमीनी हालात देखे। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का दावा है कि डीपीआर करीब दो महीने में तैयार हो जाएगी।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि नोएडा के सेक्टर-94 गोलचक्कर से यमुना पुश्ते के पास सेक्टर-150 तक की दूरी 31.2 किलोमीटर है। यहां पर एक्सप्रेसवे बनाया जाना प्रस्तावित है। पिछले साल हुई बोर्ड बैठक में प्राधिकरण ने यमुना पुश्ते पर एक्सप्रेसवे बनाने के लिए यूपीडा को मंजूरी दी थी। इससे संबंधित प्रस्ताव को बोर्ड बैठक में मंजूरी दी गई थी।
यूपीडा के अधिकारियों ने देखी पुश्ते की वर्तमान स्थिति
कई महीने बाद इस परियोजना पर यूपीडा ने पहली बार गंभीरता दिखाई है। यूपीडा की सलाहकार एजेंसी के तीन अधिकारी मंगलवार को नोएडा आए। एजेंसी के अधिकारियों ने सबसे पहले सुबह करीब साढ़े 11 बजे सेक्टर-6 स्थित प्राधिकरण के दफ्तर में एसीईओ सतीश पाल समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे मौके पर जाकर यमुना पुश्ते का जायजा लिया। नोएडा से लेकर ग्रेटर नोएडा तक पुश्ते की वर्तमान स्थिति देखी। अभी बने पुश्ते को चौड़ा करने या इसके ऊपर एलिवेटेड रोड बनाए जाने को लेकर सभी संभावनाओं को तलाशा। दोनों ओर हो रखे निर्माण को भी देखा। एजेंसी के अधिकारी शाम करीब साढ़े 5 बजे यमुना प्राधिकरण के दफ्तर की तरफ लौट गए। प्राधिकरण से उनके हिस्से में आ रही जमीन से संबंधित जानकारी लेंगे। पुश्ते का निरीक्षण करने के दौरान प्राधिकरण और सिंचाई विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने नोएडा के सेक्टर-94 से लेकर यमुना एक्सप्रेसवे के पास सेक्टर-150 तक का जायजा लिया। अब इस परियोजना की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार होगी।
तीनों प्राधिकरण खर्च वहन करेंगे
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि यूपीडा की सलाहकार एजेंसी को पुश्ते का निरीक्षण करा दिया गया है। परियोजना से संबंधित पूरी रिपोर्ट भी सौंप दी गई है। अब एजेंसी इस परियोजना की डीपीआर तैयार करेगी। पुश्ता सिंचाई विभाग का हिस्सा है। ऐसे में यूपीडा ही सिंचाई विभाग से एनओसी लेकर प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा। यहां बनने वाले एक्सप्रेसवे पर जो खर्च आएगा, उसको तीनों प्राधिकरण मिलकर वहन करेंगे।
महामाया फ्लाईओवर से जोड़ने पर मंथन
यमुना पुश्ते पर एक्सप्रेसवे बनने से महामाया फ्लाईओवर से ग्रेटर नोएडा की ओर का सफर आसान हो जाएगा, लेकिन जाम की सबसे ज्यादा दिक्कत सेक्टर-14 चिल्ला बॉर्डर से लेकर महामाया फ्लाईओवर तक है। यहां पर एलिवेटेड रोड बनाया जा रहा है। इसके अलावा डीएनडी से महामाया फ्लाईओवर तक भी एलिवेटेड रोड या अन्य सड़क बनाने को लेकर प्राधिकरण के अधिकारी मंथन कर रहे हैं।




साइन इन