प्रवेश वर्मा ने AAP के सौरभ भारद्वाज के खिलाफ दर्ज कराया मानहानि केस, अब क्या है मामला?
Parvesh Verma Vs Saurabh Bharadwaj : दिल्ली के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने राउज एवेन्यू कोर्ट में AAP के पूर्व विधायक सौरभ भारद्वाज के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई है।

आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। राजधानी दिल्ली के राउज एवेन्यू में बनी स्पेशल एमपी-एमएलए कोर्ट ने दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा की ‘आप’ नेता और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज के खिलाफ मानहानि की एक शिकायत को शुक्रवार को स्वीकार कर लिया।
यह मामला अपर मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) पारस दलाल के समक्ष सूचीबद्ध किया गया था। अदालत ने शिकायतकर्ता प्रवेश वर्मा को समन-पूर्व साक्ष्य दर्ज कराने के लिए आगामी 9 और 11 जून की तारीखें दी हैं।
क्या है पूरा मामला
प्रवेश वर्मा के वकील प्रवीण कुमार ने बताया, यह मामला सौरभ भारद्वाज की सोशल मीडिया पर डाली गई कुछ पोस्ट के बाद दर्ज कराया गया था। इनमें उन्होंने 'एस.एस. मोटा सिंह स्कूल ट्रस्ट' में प्रवेश वर्मा की भूमिका होने के आरोप लगाए थे। सौरभ भारद्वाज ने गत 15 और 16 मई को आरोप लगाया था कि प्रवेश वर्मा ने मंत्री के रूप में अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपने एक कथित सहयोगी को एक निजी स्कूल के ट्रस्ट में बतौर ट्रस्टी नियुक्त किया है। इस ट्रस्ट के पास लगभग 500 करोड़ रुपये की संपत्ति है और यह प्रवेश वर्मा का है।
स्कूल कर्मचारियों पर दर्ज है पॉक्सो केस
इसके अलावा, सौरभ भारद्वाज ने अपने संदेशों में यह भी संकेत दिया कि प्रवेश वर्मा ने ट्रस्ट के स्कूल के उन कर्मचारियों के पक्ष में अपने प्रभाव का इस्तेमाल किया, जो पॉक्सो मामले में आरोपी हैं। गौरतलब है कि एक छात्रा के माता-पिता की शिकायत पर इस स्कूल के कर्मचारियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
मंत्री प्रवेश वर्मा ने इन आरोपों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए 'आप' नेता सौरभ भारद्वाज को एक कानूनी नोटिस भेजा। इसमें उनसे सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म 'एक्स' पर किए गए अपने पोस्ट वापस लेने और बिना शर्त माफी मांगने के लिए कहा गया था, लेकिन नोटिस मिलने के बावजूद न तो पोस्ट वापस लिए गए और न ही कोई माफी मांगी गई। इसके बाद प्रवेश वर्मा ने अदालत का रुख किया।




साइन इन