मुंबई में सलमान खान के घर की रेकी कर PAK भेजे वीडियो-लोकेशन; ना'पाक' जासूस मॉड्यूल में नया खुलासा
गाजियाबाद से दबोचे गए कथित जासूस मॉड्यूल द्वारा पाकिस्तान को देश के संवेदनशील स्थानों की जानकारी भेजने के मामले में नया खुलासा हुआ है। जासूसी के आरोप में गिरफ्तार सुहेल ने मुंबई में अभिनेता सलमान खान के घर की भी रेकी की थी और लोकेशन व वीडियो पाकिस्तान भेजे थे।

गाजियाबाद से दबोचे गए कथित जासूस मॉड्यूल के सदस्यों द्वारा पाकिस्तान को देश के संवेदनशील स्थानों की जानकारी भेजने के मामले में नया खुलासा हुआ है। जासूसी के आरोप में गिरफ्तार सुहेल ने अभिनेता सलमान खान के घर की भी रेकी की थी। सूत्रों के अनुसार, सुहेल ने पूछताछ में स्वीकार किया कि मुंबई में डेढ़ साल पूर्व उसने कई बार सलमान के घर के बाहर रेकी की थी और लोकेशन व वीडियो पाक भेजे थे। पुलिस को उम्मीद है, उसके मोबाइल की फॉरेंसिक जांच में इससे जुड़े वीडियो मिल सकते हैं। वहीं, एक अन्य आरोपी समीर ने एक अभिनेत्री की भी रेकी की थी। वह असम और दार्जिलिंग भी गया था। पुलिस ने जासूसी के आरोप में शनिवार को कुछ और संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
दिल्ली-मेरठ में कई संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया
देश में आतंकी हमलों के लिए जासूसी करने वाले नेटवर्क के तार अब गाजियाबाद के आसपास के क्षेत्रों से भी जुड़ रहे हैं। मुख्य आरोपी सुहेल मलिक उर्फ रोमियो ने मेरठ में भी जासूसी के लिए गुर्गों को जोड़ रखा था। मेरठ के अलावा दिल्ली पुलिस ने भी कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। फरार दोनों मुख्य आरोपियों पर भी पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। इनकी जल्द गिरफ्तारी हो सकती है। कौशांबी थाना पुलिस ने पिछले एक सप्ताह में पांच नाबालिग और एक महिला समेत 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आईएसआई के इशारे पर पाकिस्तान में बैठे सरदार उर्फ सरफराज उर्फ जोरा सिंह के आदेश पर यह नेटवर्क सैन्य ठिकानों, रेलवे स्टेशन और मंदिर के अलावा उद्योगपति व हस्तियों के आवास के फोटो, वीडियो व लोकेशन पाकिस्तान भेज रहा था। रेलवे स्टेशन पर कैमरे लगाने के साथ भारत के नंबर पर पाकिस्तान में वॉट्सऐप अकाउंट भी एक्टिव कराए थे। इसी के आधार पर मेरठ, दिल्ली, सहारनपुर व हापुड़ समेत पांच से छह जिलों में पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो सुहेल ही नेटवर्क चला रहा था और मेरठ में उसके साथियों ने भी कई संवेदनशील ठिकानों की रेकी की थी। आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
धर्म परिवर्तन कराने की भी साजिश रची
तीनों मुख्य आरोपी जासूसी के साथ युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन कराने की भी साजिश रच रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, सुहेल से पूछताछ में काफी हद तक इसकी पुष्टि हुई है। सुहेल के हिमाचल प्रदेश के मंडी में रहने वाली हिंदू युवती से संबंध थे। वह अक्सर हिमाचल प्रदेश जाता रहता है। उस युवती को आरोपी ने अपना नाम सिर्फ रोमियो ही बताया है। नौशाद अली की प्रेमिका भी हिंदू है। वह फिलहाल गुरुग्राम में रहती है। इसके अलावा समीर के भी हिंदू युवती से संबंध की बात सामने आई है। दोनों की गिरफ्तारी के बाद इस बारे में और साक्ष्य मिल सकेंगे।
स्लीपर मॉड्यूल का हैदराबाद कनेक्शन मिला
पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और गैंगस्टर शहजाद भट्टी के स्लीपर मॉड्यूल का हैदराबाद कनेक्शन सामने आया है। हापुड़ के अजीम राणा और उसके भांजे आजाद अली की गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क का खुलासा हुआ है। आतंकी मॉड्यूल से जुड़े तीन हैंडलर ने हैदराबाद में अजीम से उस समय मुलाकात की थी, जब वह ड्राइ फ्रूट्स कारोबार के सिलसिले में हैदाराबाद गया था। भट्टी का फोटो अजीम को दिखाकर पूछा था कि इन्हें जानते हो। इसके बाद लगातार अजीम के संपर्क में रहे और जानकारी बढ़ाई थी। साथ ही इन्हीं तीनों लोगों ने शहजाद भट्टी की बातचीत अजीम से कराई थी। इस पूरे नेटवर्क का खुलासा होने के बाद खुफिया एजेंसियों को अलर्ट किया गया है। हैदराबाद में इन संदिग्ध आतंकियों की तलाश भी शुरू कराई गई है।




साइन इन