जेवर एयरपोर्ट के पास घर बनाने का मौका, YEIDA के 973 प्लॉट की नई स्कीम लॉन्च; जानें कीमत-साइज और लोकेशन
YEIDA Plot Scheme 2026 : यमुना प्राधिकरण ने एक बार फिर आम जनता के लिए रिहायशी प्लॉटों की योजना लॉन्च कर दी है। यह योजना उन लोगों के लिए एक सुनहरा मौका है जो जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, फिल्म सिटी और यमुना एक्सप्रेसवे के नजदीक रहना चाहते हैं।

YEIDA Residential Plot Scheme 2026 : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने एक बार फिर आम जनता के लिए रिहायशी प्लॉटों की योजना लॉन्च कर दी है। यह योजना उन लोगों के लिए एक सुनहरा मौका है जो एनसीआर या जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, फिल्म सिटी और यमुना एक्सप्रेसवे के नजदीक रहना चाहते हैं।
प्लॉट का साइज और स्थान
प्राधिकरण ने सेक्टर-15C, 18 और 24A में कुल 973 खाली रिहायशी प्लॉटों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना में विभिन्न साइज के प्लॉट शामिल किए गए हैं ताकि हर वर्ग के लोग अपनी जरूरत के अनुसार आवेदन कर सकें। प्लॉट के साइज: 162, 183, 184, 200, 223 और 290 वर्ग मीटर। यह सभी 973 प्लॉट 36,260 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर पर आवंटित होंगे।
सबसे ज्यादा संख्या: 162 वर्ग मीटर (476 प्लॉट) और 200 वर्ग मीटर (481 प्लॉट) के भूखंड सबसे अधिक उपलब्ध हैं।
प्लॉट के लिए रजिस्ट्रेशन फीस
इस योजना में रजिस्ट्रेशन के लिए अनुसूचित जाति/जनजाति (SC/ST) और अन्य श्रेणियों के लिए अलग-अलग राशि निर्धारित की गई है। उदाहरण के तौर पर, 162 वर्ग मीटर के प्लॉट के लिए अन्य श्रेणी के लिए रजिस्ट्रेशन फीस ₹5,87,412 रखी गई है, जबकि SC/ST के लिए यह ₹2,93,706 है। इसी तरह 290 वर्ग मीटर के सबसे बड़े प्लॉट के लिए अन्य श्रेणी के तहत रजिस्ट्रेशन फीस ₹10,51,540 तक है, जबकि, SC/ST के लिए यह फीस ₹5,25,770 रखी गई है।

महत्वपूर्ण तारीखें
योजना शुरू होने की तिथि: 06 अप्रैल 2026 (सुबह 10 बजे से लिंक सक्रिय)
योजना बंद होने की तिथि: 06 मई 2026
लकी ड्रॉ की तारीख: 18 जून 2026
वर्ल्ड क्लास सुविधाएं
ये प्लॉट केवल जमीन का टुकड़ा नहीं हैं, बल्कि एक आधुनिक जीवनशैली का हिस्सा हैं। योजना के पास मिलने वाली प्रमुख सुविधाएं इस प्रकार हैं:
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर): अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी
इंटरनेशनल फिल्म सिटी: मनोरंजन और रोजगार का हब
F-1/MotoGP ट्रैक: खेलों के लिए विशेष आकर्षण
मेडिकल डिवाइसेस पार्क और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर: आसपास औद्योगिक विकास
कनेक्टिविटी: यमुना एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के बिल्कुल नजदीक
कैसे करें आवेदन
इच्छुक आवेदक प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट www.yamunaexpresswayauthority.com पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और आवंटन लकी ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा।
आवेदकों की सुविधा के लिए प्राधिकरण ने कई बैंकों जैसे एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, कोटक महिंद्रा, केनरा बैंक, HDFC और ICICI बैंक के साथ साझेदारी की है। अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1800 180 8296 पर संपर्क किया जा सकता है।
बता दें कि, जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन हो चुका है, जल्द ही यहां से कमर्शियल उड़ानें शुरू करने की तैयारी है। ऐसे में यहां मकान बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए यह कदम उठाया गया है। यदि आप निवेश के नजरिये से देख रहे हैं या अपने परिवार के लिए घर बनाना चाहते हैं, तो जेवर एयरपोर्ट के चालू होने से पहले यहां निवेश करना एक समझदारी भरा फैसला साबित हो सकता है।




साइन इन