नोएडा में चली ऐसी आंधी, गिरने लगे पेड़ और खंभे, बारिश से सड़कों पर जलभराव से लगा जाम
नोएडा के कई इलाकों में तेज आंधी के चलते पेड़ और खंभे गिर गए जिसे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई जिससे जाम की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी होने के वजह से वाहन रेंगते नजर आए।

दिल्ली से सटे नोएडा में गुरुवार को आंधी-तूफान और बारिश हुई। दोपहर बाद अचानक दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया और इसके बाद आंधी-बारिश से काफी नुकसान पहुंचा है। हवाएं इतनी तेज थीं कि कुछ इलाकों में तो पेड़ और बिजली के खंभे तक उखड़कर गिर गए। इस दौरान लोगों के आने-जाने का रास्ता बाधित हो गया। आंधी-तूफान और तेज बारिश ने शहर में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। जलभराव के चलते कई सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई।
कई इलाकों में तो सड़कों पर पानी भर गया जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। ग्रेटर नोएडा में तो बिजली का खंभा और हाई वोल्टेज तार सड़क पर ही गिर गई। नोएडा फिल्म सिटी एरिया में भी कई जगह पेड़ गिरे हैं। सेक्टर-16 और सेक्टर-14 समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सेक्टर-14ए के में एक फ्लाईओवर के पास ही पेड़ उखड़कर सड़क पर जा गिरा जिससे जाम की स्थिति बन गई। गाड़ियों के ऊपर भी पेड़ गिरे हैं। गनीमत ये रही है कि अबतक किसी के भी हताहत होने की सूचना नही हैं।
6 जून तक आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का अनुमान है कि नोएडा में 6 जून तक आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। बारिश ने शहरवासियों को तपती गर्मी के बीच थोड़ी राहत जरूर दी है।
दिल्ली में भी मौसम ने ली है करवट
दिल्ली के कई हिस्सों में गुरुवार दोपहर को हुई बारिश से पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिली है। कुछ हिस्सों में दिन में तेज आंधी के बाद बारिश हुई। मौसम विभाग ने शाम तक दिल्ली के सभी जिलों में 'रेड अलर्ट' जारी किया है। राजधानी में भी मौसम ने दोपहर में ही अचानक करवट ली। इस दौरान कई इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलीं। बारिश के चलते कुछ जगह जाम की स्थिति बन गई। दिल्ली में अगले दो दिन आंधी, बिजली कड़कने और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया गया है। आईएमडी के मुताबिक दिल्ली में इस दौरान हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।
गाजियाबाद में दिन में ही हो गई रात
मौसम में अचानक बदलाव गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी देखने को मिला है। गाजियाबाद में जहां दोपहर में ही बारिश के साथ-साथ रात जैसा अंधेरा हो गया तो फरीदाबाद में भी धूल भरी आंधी के साथ जमकर बादल बरसे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन