खिड़की से कूदता देख बिछा दिए 2 लाख के गद्दे, बचाई 8 की जान; मालवीय नगर अग्निकांड के 'मसीहा' बने रियाजुद्दीन
मालवीय नगर के होटल में आग लगने के बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए खिड़की से कूद रहे थे तभी होटल के ठीक सामने मौजूद गद्दे की दुकान के मालिक ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए अपने 2 लाख रुपये के गद्दे होटल के नीच बिछा दिए जिससे 8 लोगों की जान बच गई।

दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह फ्लोरिश स्टे होटल में भीषण आग की चपेट में आने से 21 लोगों की मौत हो गई। इनमें 12 लोग विदेशी तो 9 भारतीय थे। सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो मौजूद हैं जिनमें लोगों को अपनी जान बचाने के लिए इमारत से कूदते हुए देखा जा सकता है। दमकलकर्मियों ने तो अपनी ड्यूट निभाई ही मगर साथ ही होटल के ठीक सामने मौजूद एक दुकान के मालिक ने भी कुछ ऐसा किया जिससे कई लोग आग की चपेट में आने से बच गए।
गद्दों की दुकान चलाने वाले पिता और बेटे इस घटना में 'मसीहा' बनकर सामने आए। दोनों ने अपनी दुकान मौजूद करीब 2 लाख रुपये के गद्दे होटल के ठीक नीचे बिछा दिए। पिता का नाम रियाजुद्दीन मंसूरी है तो बेटे के नाम अरमान है। एनडीटीवी के मुताबिक, रियाजुद्दीन ने जैसे ही देखा कि मेन गेट पर ही आग लग चुकी है और होटल में ठहरे लोग अलग-अलग मंजिल से मदद की गुहार लगा रहे हैं तो तुरंत सड़क (होटल के नीचे) दुकान में मौजूद करीब 20-22 गद्दों को बिछा दिया गया।
7-8 लोगों ने गद्दों पर कूदकर अपनी जान बचाई
रियाजुद्दीन ने बताया कि इस दौरान 7-8 लोगों ने गद्दों पर कूदकर अपनी जान बचाई और ये संख्या बाद में 12 से 15 तक पहुंच गई थी। रियाजुद्दीन ने बताया कि ‘हमने देखा कि हालात खराब हैं तो अपनी दुकान के सारे गद्दे सड़क पर बिछा दिए। लोग बचाओ-बचाओ चिल्ला रहे थे तो हमे उन्हें इशारा दिया कि आप इसपर कूद जाओ। 7 से 8 लोग कूदे बाद में करीब 12-15 लोगों की संख्या हो गई थी और उनकी जान बच गई। हमें इस बात की तसल्ली है कि हमने समाज के लिए और दुनिया के लिए बहुत अच्छा काम किया।’
'अपने भाईयों की मदद करना मेरा फर्ज था'
रियाजुद्दीन ने आगे कहा ‘हमें करीब 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। शवों को ढकने और घायलों को बाहर निकालने के लिए चादरें और रजाई के कवर भी दीं। जो कुछ भी हमारे हाथ लगा हमने सबकुछ दे दिया। इंसानियत के नजरिए से सभी एक समान हैं, चाहे हिंदू हों या मुस्लिम। हम सब हिंदुस्तानी हैं। अपने भाईयों की मदद करना मेरा फर्ज था।’
होटल मालिक गिरफ्तार, घायलों का चल रहा ईलाज
दिल्ली पुलिस ने बुधवार रात को फ्लोरिश स्टे होटल के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया था। एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही बजाज फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी कर दिया था। वहीं हादसे में घायलों का अस्पताल में ईलाज चल रहा है। मैक्स अस्पताल साकेत के ताजा अपडेट के मुताबिक, अभी 6 वेंटिलेटर घायल पर हैं तो 9 आईसीयू में भर्ती हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन