दिल्ली-NCR में बदला मौसम, कई जगह आंधी-बारिश; गाजियाबाद में दोपहर में ही 'रात'
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में आज और कल बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है। आज दोपहर में ही दिल्ली के कई इलाकों में मौसम ने करवट ले ली। शनिवार को भी मौसम कुछ ऐसा ही बने रहने की उम्मीद है।

Delhi Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को मौमस ने दोपहर में करवट ले ली। कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई है तो तेज हवाएं भी चलीं। कई जगह आंशिक रूप से बाद छाए हुए हैं। दिल्ली में आज और कल और परसों भी मौसम के ऐसे ही बने रहने की उम्मीद है। नोएडा में भी तेज हवाएं चल रही हैं। वहीं गाजियाबाद में तेज आंधी और तूफान के साथ बारिश शुरू हुई है। काली घटा के कारण लोगों को दिन में ही वाहनों की लाइट जलाकर चलना पड़ा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का अनुमान है कि नोएडा में 6 जून तक आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इसके साथ ही शहर में इस दौरान एक या दो बार गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है दिल्ली में बीते एक-दो दिन से तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही थी मगर अब मौसम के करवट लेने के बाद ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि बढ़ते तापमान पर ब्रेक लग सकता है। राजधानी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं भारत में मानसून का आगमन हो गया है। आईएमडी ने गुरुवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिमी मानसून केरल पहुंच चुका है।
बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का 'येलो अलर्ट'
आईएमडी ने आज और कल राजधानी में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का 'येलो अलर्ट' जारी किया हुआ है। मगर दिल्ली में काले काले बादल छा जाने, तेज हवाएं चलने और बारिश के चलते इसे रेड अलर्ट में तब्दील कर दिया गया। विभाग ने कहा है कि 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं शनिवार को भी मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है मगर आईएमडी की ओर से शनिवार को लिए येलो अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
60 की स्पीड से चलेंगी हवाएं
दिल्ली में आज और कल हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी पहुंच सकती है। राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 37-39 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। वहीं अगले कुछ दिन न्यूनतम तापमान 27-29 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। मालूम हो कि मई के शुरुआती दिनों में दिल्लीवासी भीषण गर्मी का सामना कर रहे थे। आलम ये था कि दिन में तो तो भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ ही रहा थी मगर रातें भी बेहद गर्म दर्ज की जा रही थीं।
फरीदाबाद में भी बारिश के बाद गर्मी से राहत
वहीं स्मार्ट सिटी फरीदाबाद में बुधवार दोपहर करीब एक बजे हुई बारिश ने लोगों को उमसभरी गर्मी से कुछ हद तक राहत दिलाई। सुबह से ही तेज धूप और गर्मी के कारण लोग परेशान थे। हवा में नमी अधिक होने के चलते उमस इतनी बढ़ गई थी कि लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। कई इलाकों में लोगों ने घुटन और बेचैनी की शिकायत भी की। दोपहर के समय अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में बादल छा गए। इसके बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश शुरू होते ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक महसूस होने लगी। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। सड़क पर चल रहे वाहन चालकों और बाजारों में मौजूद लोगों ने भी मौसम में आए बदलाव का स्वागत किया। हालांकि बारिश अधिक देर तक नहीं चली, लेकिन इससे गर्मी का असर कुछ कम हुआ।
बारिश के बाद कई क्षेत्रों में ठंडी हवाएं भी चलीं, जिससे मौसम सुहावना हो गया। बच्चों और युवाओं ने भी मौसम का आनंद लिया। वहीं किसानों का कहना है कि इस तरह की बारिश फसलों के लिए भी लाभदायक साबित हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। यदि बारिश का यह सिलसिला जारी रहता है तो लोगों को भीषण गर्मी और उमस से और अधिक राहत मिल सकती है। फिलहाल दोपहर की बारिश ने शहरवासियों को तपती गर्मी के बीच थोड़ी राहत जरूर दी है।
मौसम में बदलाव की क्या वजह?
स्काईमेट के वाइस प्रेसिडेंट महेश पहलावत ने बताया है कि मध्य पाकिस्तान, हरियाणा और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है जिसके चलते दिल्ली में गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।'
कैसी है दिल्ली की हवा?
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) गुरुवार को 147 यानी 'मध्यम' स्तर पर दर्ज किया गया। सीपीसीबी के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच के AQI को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन