नोएडा में कपल की मौत: फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए फोन, क्या सुलझेगी कार के भीतर की गुत्थी?
कपल के शव को शनिवार सुबह करीब 11 बजकर 30 मिनट पर वहां मौजूद एक सफाई कर्मचारी ने टाटा अल्ट्रोज कार में देखा था। युवक के दाएं हाथ पर पिस्टल थी और दोनों कार की फ्रंट सीट पर बैठे हुए थे। दोनों के सिर पर गोली लगने के निशान पाए गए थे।

नोएडा के सेक्टर 107 में शनिवार को एक खड़ी कार के अंदर प्रेमिका के साथ युवक का शव मिला था। इस मामले में कई सवाल ऐसे हैं जिनकी गुत्थी सुलझाना बाकी है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। दोनों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आ चुकी है जिसमें कहा गया है कि मौत की वजह हेड इंजरी है और दोनों के सिर में गोली फंसी हुई थी।
हिंदुस्तान टाइम्स में छपी खबर के मुताबिक, एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ऐसा लगता है कि गोली बिल्कुल करीब से सटाकर मारी गई है। हालांकि, पुलिस अभी तक यह साफ नहीं कर पाई है कि यह मिलकर की गई आत्महत्या थी या फिर हत्या के बाद आत्महत्या का मामला है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक दोनों के मोबाइल एयरप्लेन मोड पर मिले थे जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। यानी अब हो सकता है कि स्मार्टफोन इस पूरे मामले की गुत्थी को सुलझाने में मदद करे।

हाथापाई के भी कोई निशान नहीं
कपल के शव को शनिवार सुबह करीब 11 बजकर 30 मिनट पर वहां मौजूद एक सफाई कर्मचारी ने टाटा अल्ट्रोज कार में देखा था। युवक के दाएं हाथ पर पिस्टल थी और दोनों कार की फ्रंट सीट पर बैठे हुए थे। दोनों के सिर पर गोली लगने के निशान पाए गए थे। वहीं पुलिस ने अबतक की जांच में ये भी बताया कि हाथापाई के भी कोई निशान नहीं मिले। कार की पिछली खिड़की का शीशा तोड़कर उनके शवों को बाहर निकाला गया था।
असल वजह पता लगाने में जुटी
युवक दिल्ली के त्रिलोकपुरी का रहने वाला एक बिजनेसमैन था, और लड़की नोएडा के सेक्टर 101 की रहने वाली थी, जो नोएडा के ही सेक्टर 62 में जॉब करती थी। दोनों करीब 15 साल से एक दूसरे को जानते थे। युवक ने ये कदम इसलिए उठाया क्योंकि प्रेमिका ने परिवार के दबाव में किसी और से शादी करने का फैसला कर लिया था। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नोएडा) मनीषा सिंह ने कहा, ‘इस घटना की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।’
लड़की का परिवार शादी के लिए नहीं था राजी?
पुलिस के मुताबिक युवक लड़की को उसके ऑफिस से 13 फरवरी की शाम को कार में लेने पहुंचा था। इसके बाद लड़की ने अपनी मां को बताया कि वह 7 बजे तक घर आ जाएगी। इसके बाद युवक ने प्रेमिका के घर से 2 किलोमीटर पहले ही कथित तौर पर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। वहीं दोनों परिवारों ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया है कि उन्हें कोई अंदाजा नहीं कि उन्होंने ये कदम क्यों उठाया क्योंकि दोनों के व्यवहार में भी कोई बदलाव नहीं देखा गया था। मृतक युवक के भाई ने कहा कि परिवार दोनों की शादी के पक्ष में था, लेकिन लड़की का परिवार जातिगत मतभेद के चलते मना कर रहा था।
पिता ने किया भाई की बात का खंडन
वहीं लड़के के पिता ने इस बात से इनकार किया है। उन्होंने कहा, 'मना करने के पीछे कोई खास वजह नहीं थी। फिलहाल, हम उसकी शादी के लिए तैयार नहीं थे। हमें नहीं पता कि आखिरी पलों में उनके बीच क्या हुआ।'
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन