नोएडा में मेट्रो के नए तोहफे से 50 से ज्यादा सेक्टरों को फायदा; कहां-कहां स्टेशन
केंद्र सरकार ने बॉटनिकल गार्डन से नोएडा सेक्टर-142 तक बहुप्रतीक्षित मेट्रो कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। इस रूट में कुल 8 एलिवेटेड स्टेशन होंगे और परियोजना को चार साल में पूरा करने का लक्ष्य है। बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-142 मेट्रो का लाभ कॉरिडोर के दोनों तरफ के 50 से अधिक सेक्टर के लोगों को मिलेगा।

केंद्र सरकार ने बॉटनिकल गार्डन से नोएडा सेक्टर-142 तक बहुप्रतीक्षित मेट्रो कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। इस रूट में कुल 8 एलिवेटेड स्टेशन होंगे और परियोजना को चार साल में पूरा करने का लक्ष्य है। नोएडा मेट्रो रेल कार्पोरेशन (एनएमआरसी) की एक्वा लाइन मेट्रो कॉरिडोर के विस्तार पर 2254.35 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसकी विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन को उत्तर प्रदेश कैबिनेट पहले ही मंजूरी दे चुकी है। एनएमआरसी के अधिकारियों के अनुसार इस कॉरिडोर में बॉटनिकल गार्डन, नोएडा सेक्टर-44, प्राधिकरण दफ्तर, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93, पंचशील बालक इंटर कॉलेज के पास स्टेशन बनाए जाएंगे।
मेट्रो विस्तार से सड़क यातायात का दबाव कम होने, ट्रैफिक जाम में कमी आने और ईंधन की बचत होने की संभावना है। पर्यावरणीय दृष्टि से भी यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही, क्योंकि इससे जीवाश्म ईंधन आधारित परिवहन पर निर्भरता घटेगी और कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी। नोएडा में मेट्रो का कुल 62 किलोमीटर ट्रैक बना हुआ है। इसमें 17 किलोमीटर ट्रैक डीएमआरसी और 45 किलोमीटर ट्रैक एनएमआरसी का है। केंद्र सरकार से ग्रेटर नोएडा डिपो स्टेशन से बोड़ाकी तक मेट्रो रूट को भी मंजूरी मिल चुकी है। इस रूट पर जुनपत और बोड़ाकी सिर्फ दो मेट्रो स्टेशन बनेंगे। बोड़ाकी में बड़ा स्टेशन बनाया जाएगा। इसके लिए 2.6 किलोमीटर लंबा ट्रैक बिछेगा।
कई सेक्टर के लोगों को लाभ
बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-142 मेट्रो का लाभ कॉरिडोर के दोनों तरफ के 50 से अधिक सेक्टर के लोगों को मिलेगा। इससे उन्नत व्यापार पार्क, सेक्टर-98 में स्काईमार्क वन मॉल, सेक्टर-98 में मॉल ऑफ नोएडा, सेक्टर-145 में माइक्रोसॉफ्ट, सेक्टर-157 में टीसीएस, सेक्टर-126 में हैवेल्स, सेक्टर-132 में इंफोसिस, सेक्टर-135 में कॉग्निजेंट, सेक्टर-132 में एडोब और सेक्टर-127 में ओरेकल जैसे बड़े आईटी सेंटर भी जुड़ जाएंगे। गलियारे में एमिटी यूनिवर्सिटी, पंचशील बालक इंटर कॉलेज, महामाया बालिका इंटर कॉलेज जैसे शैक्षिण संस्थान और सेक्टर-93 पार्क जैसे बड़े पर्यटन स्थल भी आना-जाना आसान हो जाएगा।
नोएडा और ग्रेनो के लिए ऐतिहासिक निर्णय: योगी
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा मेट्रो (एक्वा लाइन) के विस्तार को मिली स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह नोएडा और ग्रेटर नोएडा की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला ऐतिहासिक निर्णय है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह परियोजना लाखों यात्रियों के लिए आवागमन को अत्यंत सुगम बनाएगी। इस विस्तार में बॉटनिकल गार्डन एक प्रमुख इंटरचेंज हब के रूप में उभरेगा। यह निर्णय क्षेत्रीय विकास को भी गति देगा।
दिल्ली आना-जाना होगा आसान
एक्वा लाइन के विस्तार से नोएडा से दिल्ली का सफर ओर आसान हो जाएगा। यात्री बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से मेट्रो बदलकर सीधे दिल्ली जा सकेंगे। ग्रेटर नोएडा परिचौक से लोगों को सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन की तरफ से घूमकर नहीं आना पड़ेगा। सीधे सेक्टर-142 मेट्रो स्टेशन से बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन आ सकेंगे। इससे लोगों के समय और रुपये दोनों की बचत होगी। एयरपोर्ट पहुंचने में भी कम समय लगेगा।




साइन इन