नोएडा में सड़कों की बदलेगी सूरत; 150 किमी सड़कों की होगी रिसरफेसिंग, डेडलाइन तय
नोएडा प्राधिकरण मार्च के दूसरे हफ्ते से शहर की 150 किलोमीटर टूटी सड़कों की मरम्मत शुरू करेगा। इस प्रोजेक्ट पर कितने करोड़ किए जाएंगे खर्च? प्रोजेक्ट को कब तक पूरा करने का लक्ष्य है? क्या-क्या होंगे काम? इस रिपोर्ट में जानें…

नोएडा शहर में जगह-जगह टूटी सड़कों की मरम्मत करने का काम मार्च महीने के दूसरे सप्ताह तक शुरू हो जाएगा। यह काम अप्रैले के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। करीब 150 किलोमीटर हिस्से में सड़कों की मरम्मत होगी। इसके लिए प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिए हैं। प्राधिकरण के नए सीईओ कृष्णा करुणेश ने पदभार संभालते ही करीब तीन सप्ताह पहले सड़कों को ठीक करने के निर्देश दिए थे। सभी वर्क सर्किल के प्रभारियों ने इसे लेकर टेंडर जारी कर दिया।
500 करोड़ से 150 किलोमीटर सड़कों की रिसरफेसिंग
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि करीब 500 करोड़ रुपये खर्च कर 150 किलोमीटर सड़कों की रिसरफेसिंग की जाएगी। योजना के तहत उन सड़कों को प्राथमिकता दी गई है, जो बारिश और समय पर मरम्मत न होने के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं।
समयबद्ध तरीके से पूरा होगा काम
अधिकारियों ने बताया कि वर्क सर्किल 1 से 5 की सड़कों की हालत सबसे ज्यादा खराब पाई गई है। कई जगह सड़कें उखड़ चुकी हैं और गड्ढे बन गए हैं। नई योजना के तहत इन सर्किलों की सड़कों को प्राथमिकता पर लेते हुए व्यापक रिसरफेसिंग कार्य कराया जाएगा। प्राधिकरण ने सड़कों को ठीक करने के लिए समयबद्ध तरीके से पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। सड़कों की रिसरफेसिंग करने का काम अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा।
फुटपाथों की भी होगी मरम्मत
अधिकारियों ने बताया कि सड़कों के अलावा शहर की सौंदर्यीकरण और पैदल यात्रियों की सुविधा पर भी ध्यान दिया जाएगा। योजना के तहत फुटपाथों की मरम्मत, टूट-फूट ठीक करना और डिवाइडरों पर नया पेंट कराया जाएगा। कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त फुटपाथों को पुनर्निर्मित किया जाएगा, जिससे पैदल चलने वालों को सुरक्षित मार्ग मिल सके।
बेहतरीन सड़कों से इमेज दुरुस्त करने की तैयारी
डिवाइडरों की मरम्मत और रंगाई से सड़कों की दृश्यता और शहर की छवि बेहतर होगी। इस बारे में प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि सड़कों को लेकर काफी संख्या में टेंडर जारी किए जा चुके हैं। जो बचे हैं, उन्हें एक सप्ताह में जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद मार्च महीने के दूसरे सप्ताह से सड़कों की रिसरफेसिंग का काम शुरू करा दिया जाएगा।




साइन इन