उज्जैन में धोती-कुर्ता, त्रिपुंड लगाए जफर को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पीटा, VIDEO वायरल
उज्जैन में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने धोती-कुर्ता पहने एक मुस्लिम युवक को पीट दिया। युवक ने पहले हिंदू नाम बताया लेकिन बाद में खुद को शिव भक्त कहते हुए असल पहचान उजागर की। आरोपी एक युवती के साथ उज्जैन पहुंचा था।

उज्जैन के नानाखेड़ा क्षेत्र में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मोहाली से आए एक मुस्लिम युवक, जफर खान की पिटाई कर दी। जफर धोती-कुर्ता, त्रिपुंड और रुद्राक्ष पहनकर निकला था। वह एक युवती के साथ होटल में ठहरा था। कार्यकर्ताओं ने शक होने पर उसे बाहर पकड़ा और पूछताछ की। पहले उसने हिंदू नाम बताया लेकिन सख्ती करने पर असली पहचान उजागर की। जफर ने खुद को शिव भक्त बताते हुए कहा कि वह युवती के साथ महाकाल के दर्शन करने आया था। इस घटना का वीडियो वायरल हो गया है। लाइव हिन्दुस्तान वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
जफर खान बताया नाम
एक पदाधिकारी ने बताया कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को खबर मिली कि अलग-अलग राज्यों के एक युवक और युवती एक होटल में रुके हैं। करीब एक घंटे के इंतजार के बाद कार्यकर्ताओं ने होटल के बाहर धोती-कुर्ता पहने जफर खान नाम के एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने पहले अपना एक हिंदू नाम बताया लेकिन जब उससे कड़ाई से पूछा गया तो उसने अपना असली नाम जफर खान मान लिया।
खुद को बताया शिव भक्त
जफर ने दावा किया कि वह शिव भक्त है और वह युवती उसे भगवान शिव के दर्शन करवाने के लिए उज्जैन लेकर आई थी। उन दोनों ने मिलकर महाकाल मंदिर, हरसिद्धि मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन किए। वायरल वीडियो में कुछ कार्यकर्ता उसे घेरकर पहले पूछताछ करते और असली नाम सामने आने के बाद उसकी पिटाई करते दिख रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।
पुलिस कर रही छानबीन
हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने बताया कि युवक-युवती कमरा तलाश रहे थे। कई होटलों में कमरा नहीं मिला था। बाद में वे नानाखेड़ा क्षेत्र के एक होटल में रुके। युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि युवक और युवती मोहाली के रहने वाले हैं। युवती की उम्र 32 साल है और दोनों अलग-अलग समुदाय से हैं। युवती को युवक के दूसरे धर्म का होने की जानकारी थी। दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे। पुलिस मामले इस प्रकरण की छानबीन कर रही है।
रिपोर्ट- विजेन्द्र यादव




साइन इन