ग्रेनो के बस स्टैंडों की बदलेगी सूरत; कैमरों से निगरानी, वेस्ट में बनेगा नया डिपो
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण जल्द ही शहर के 75 जर्जर बस स्टैंडों की मरम्मत और नवीनीकरण करेगा। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से पहले इन्हें आधुनिक बनाया जाएगा और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।

ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों और मुख्य मार्गों पर स्थित बस स्टैंड यानी शेल्टर को संवारा जाएगा। प्राधिकरण ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। मरम्मत कराने के साथ ही ज्यादा जर्जर हो चुके शेल्टर का नवीनीकरण कराया जाएगा। हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यह कार्य बिल्ड-ऑपरेट- ट्रांसफर (बीओटी) आधार पर कराया जाएगा। प्राधिकरण ने रुचि की अभिव्यक्ति (आरएफपी) जारी कंपनियों से आवेदन मांगा है।
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारी
ग्रेटर नोएडा ईस्ट व वेस्ट इलाके में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के तहत इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारी चल रही है। रूट का निर्धारण करने सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। बस सेवा शुरू किए जाने से पहले शहर में स्थित बस स्टैंड की मरम्मत कराई जाएगी।
ज्यादातर बस स्टैंड जर्जर
दरअसल वर्षों पहले बने ज्यादातर बस स्टैंड रखरखाव के अभाव में जर्जर हो चुके हैं। कुछ की छत गायब होने के साथ ढांचा भी टूट चुका है। प्राधिकरण के अर्बन सर्विसेज विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि बस स्टैंड के नवीनीकरण का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।
लगाए जाएंगे अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे
सुरक्षा की दृष्टि से बस स्टैंड पर अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस बस स्टैंड व उसके आसपास होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखने में मदद मिलेगी। सेफ सिटी परियोजना के तहत शहर में 2700 से अधिक कैमरे लगाने की तैयारी भी चल रही है,जिसका कंट्रोल रूम प्राधिकरण के दफ्तर में होगा।
कंट्रोल रूम से कनेक्ट होंगे कैमरे
बस स्टैंड पर लगाए जाने वाले कैमरे के भी कंट्रोल रूम से कनेक्ट कर दिया जाएगा। शहर के अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा, नॉलेज पार्क-1,2,3 आदि सेक्टरों के अलावा सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर 75 बस स्टैंड प्राधिकरण द्वारा बनाए गए हैं। पिछले 4-5 सालों से बसों का संचालन बंद है। ऐसे में ज्यादातर स्टैंड बदहाल हो गए हैं।
ई- बसों के लिए मिलेगा नया डिपो
ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में संचालित की जाने वाली ई- बसों के लिए अलग से डिपो का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसमें उत्तर प्रदेश परिवहन के अधिकारियों की भी मदद ली जा रही है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में नए बस स्टैंड बनाए जाएंगे। इसके लिए जगह चिन्हित की जा रही है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 5 लाख से अधिक लोग रह रहे हैं, लेकिन यहां पर स्थायी बस स्टैंड नहीं बनाए गए है।




साइन इन