नोएडावासियों को बड़ी राहत; भंगेल एलिवेटेड के नीचे सड़क बननी शुरू, कब तक होगी पूरी?
नोएडा के भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे आगाहपुर से फेज-2 तक टूटी सड़कों की मरम्मत का काम 36 करोड़ की लागत से शुरू हो गया है। प्राधिकरण और सेतु निगम का विवाद सुलझने के बाद जून अंत तक सड़क और नाले का निर्माण पूरा होगा।

नोएडा के भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे टूटी सड़कों की मरम्मत का काम आखिरकार शुरू हो गया है। आगाहपुर से फेज-2 तक सड़क की हालत बहुत खराब थी, जिससे लोगों को गहरे गड्ढों और लंबे ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता था। प्राधिकरण और सेतु निगम के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद अब सुलझ गया है और करीब 36 करोड़ रुपये की लागत से इस प्रोजेक्ट को जून के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सफर होगा आसान
डीएससी यानी दादरी-सूरजपुर-छलेरा मार्ग पर भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे सड़क बनाने का काम शुरू हो गया है। यहां सड़क, नाला, यूटर्न समेत अन्य काम चार महीने में पूरे कर लिए जाएंगे। इसके बाद वाहन चालकों का सफर आसान हो जाएगा।
जगह-जगह गहरे गड्ढे
अभी एलिवेटेड रोड के नीचे सेक्टर-41 आगाहपुर से फेज-2 तक दोनों तरफ सड़क पूरी तरह टूटी हुई है। जगह-जगह गहरे गड्ढे हो रखे हैं। शाम होते ही सफर और मुश्किल हो जाता है। कुछ समय के अंतराल में लोग गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो रहे हैं। काफी देर से अब प्राधिकरण ने उत्तर प्रदेश सेतु निगम लिमिटेड के जरिए सड़क बनाने का काम शुरू कराया है।
जून अंत तक पूरे कर लिए जाएंगे काम
अधिकारियों ने बताया कि करीब 36 करोड़ रुपये की लागत से सड़क, नाला और अन्य चीजें बनाई जाएंगी। यह सभी काम जून अंत तक पूरे कर लिए जाएंगे। जुलाई में बारिश का मौसम शुरू होने के दौरान लोगों को कोई दिक्कत नहीं होगी।
करीब छह महीने से गतिरोध बना हुआ था
एलिवेटेड रोड के नीचे सड़क समेत अन्य चीजें कौन बनाएगा, इसको लेकर प्राधिकरण और सेतु निगम के बीच गतिरोध बना हुआ था। काम के दौरान सेतु निगम ने लापरवाही बरती थीं। इसको लेकर प्राधिकरण ने शासन को पत्र भेजा था।
लागत को लेकर विवाद चल रहा
बेशक भंगेल एलिवेटेड रोड शुरू होने के साथ-साथ अब सड़क बनाने का काम शुरू हो चुका है, लेकिन अब भी लागत को लेकर सेतु निगम और प्राधिकरण के बीच विवाद बना हुआ है। सेतु निगम की ओर से बकाया देने के लिए प्राधिकरण को लगातार पत्र दिए जा रहे हैं।
लोगों को लंबा चक्कर काटना पड़ रहा
एलिवेटेड रोड के नीचे से फेज-2 ओर आने-जाने का रास्ता अब भी बंद है। लोगों को सेक्टर-82 बस टर्मिनल, सेक्टर-93 होते हुए फेज-2 की ओर लंबा चक्कर काटकर आना-जाना पड़ रहा है। इस मामले में प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि फेज-2 की ओर जिस जगह एलिवेटेड रोड चढ़-उतर रहा है, उसके बराबर में नाला है। ऐसे में हादसे का खतरा है।




साइन इन