जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन और PM की जनसभा की बनेगी शॉर्ट फिल्म, कैमरों से रहेगी पैनी नजर
जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होने वाले उद्घाटन और जनसभा की तैयारियों के लिए मेरठ मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में कल बैठक हुई। उन्होंने सभी कार्यों को पूरा करने के आदेश दिए। जनसभा में चप्पे-चप्पे पर कैमरों से नजर रहेगी।

उत्तर प्रदेश के जेवर में बनाए गए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होने वाले उद्घाटन और जनसभा की तैयारियों के लिए मेरठ मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में सोमवार को बैठक हुई। उन्होंने सभी कार्यों को पूरा करने के आदेश दिए। नोडल अधिकारियों की नियुक्ति के निर्देश दिए। जनसभा में चप्पे-चप्पे पर कैमरों से नजर रहेगी। मंडलायुक्त ने कार्यक्रम से संबंधित शॉर्ट फिल्म तैयार करने के लिए भी कहा।
गौतमबुद्धनगर की डीएम मेधा रूपम ने मंडलायुक्त को अब तक की तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया। मंडलायुक्त ने मंच, लोकार्पण स्थल और रैली स्थल की व्यवस्थाओं की समीक्षा के सुरक्षा समेत पार्किंग, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, आमंत्रण प्रक्रिया, शटल बस सेवा, वीआईपी एवं वीवीआईपी मूवमेंट, व्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाओं को मानकों के साथ पूरा करने के आदेश दिए।
प्रवेश द्वार और पार्किंग पर रहेगी खास नजर
मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने रैली स्थल, पार्किंग स्थल एवं प्रमुख मार्गों पर स्पष्ट साइनेज जैसे पार्किंग नंबर, रूट प्लान, गेट नंबर, कंट्रोल रूम, मेडिकल कैंप एवं पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम आदि समय से स्थापित करने को कहा। एयरपोर्ट के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच को तेज और सुगम बनाने के लिए माइक्रो पार्किंग प्लान लागू करने तथा मंच, पार्किंग, कंट्रोल रूम, क्रेन एवं जन समूह, वीआईपी प्रबंधन के लिए नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में प्रवेश द्वार और पार्किंग की कैमरों से निगरानी होगी। बैठक में यीडा सीईओ राकेश कुमार सिंह, सीडीओ डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, अपर मंडलायुक्त अमित कुमार, अपर मंडलायुक्त सिटी बृजेश, एडीएम एफआर अतुल कुमार, एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे, नायल के सीईओ शैलेंद्र भाटिया, डीसीपी ट्रैफिक डॉ प्रवीण रंजन, पूनम मिश्रा, एसीपी जेवर सार्थक सेंगर सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शॉर्ट फिल्म तैयार होगी
बैठक में मंच पर स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं, सांस्कृतिक विरासत और एयरपोर्ट परियोजना की खूबियों से संबंधित वीडियो एवं फोटो सामग्री प्रदर्शित करने पर जोर दिया गया। मंडलायुक्त ने कार्यक्रम से संबंधित शॉर्ट फिल्म तैयार करने के लिए भी कहा।
कृष्णा करुणेश को नायल के निदेशक पद की जिम्मेदारी
मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में सोमवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) की 26वीं बोर्ड बैठक में मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा कृष्णा करुणेश को नायल का निदेशक बनाने की मंजूरी दी गई। बैठक में जेवर एयरपोर्ट के आगामी 28 मार्च को प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। लोकार्पण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर विशेष बल दिया गया।




साइन इन