नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर नया काम, यात्री रंगों से कर सकेंगे सही रास्ते की पहचान
New Delhi Railway Station : नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर है। रेलवे ने स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए रंग आधारित नया प्रयोग शुरू किया है, ताकि यात्री आसानी से सही रास्ते तक पहुंच सकें।

रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर इस बार एक और नया प्रयोग शुरू किया गया है। स्टेशन के अलग-अलग प्रवेश मार्गों और प्लेटफॉर्मों के लिए रंग आधारित दिशा सूचक लगाए जा रहे हैं, ताकि यात्री आसानी से सही रास्ता चुनकर प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकें।
रेलवे अधिकारियों को उम्मीद है कि इस प्रयोग से स्टेशन परिसर में भीड़ कम होगी और यात्रियों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित हो सकेगी। स्टेशन के अजमेरी गेट की तरफ नए दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जा रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए तीन मुख्य रंग तय किए गए हैं। इससे यात्रियों को बिना पूछताछ के सीधे अपने प्रवेश मार्ग तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
देश के सबसे व्यस्त स्टेशनों में शामिल
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन राजधानी का सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन माना जाता है। यहां से प्रतिदिन 300 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं और चार लाख से ज्यादा यात्री सफर करते हैं। अधिक भीड़ के कारण कई बार स्टेशन परिसर में अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है। इसे नियंत्रित करने के लिए रेलवे कर्मचारियों को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है।
अधिकारियों ने दी मंजूरी
भीड़ नियंत्रण के लिए पिछले वर्ष स्टेशन परिसर में स्थायी यात्री सुविधा शिविर बनाया गया था, जहां करीब छह हजार यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था है। अनारक्षित टिकट वाले अधिकांश यात्रियों को इसी शिविर से प्रवेश दिया जाता है। स्टेशन निदेशक ने हाल ही में वरिष्ठ अधिकारियों को रंग आधारित दिशा सूचक लगाने का प्रस्ताव भेजा था। मंजूरी मिलने के बाद अजमेरी गेट की ओर इन संकेतकों को लगाया जा रहा है। रेलवे का मानना है कि यह व्यवस्था यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के साथ स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन में भी मददगार साबित होगी।
यात्री प्रवेश द्वार अजमेरी गेट, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन

हिमांशु शेखर उपाध्याय,मुख्य प्रवक्ता, उत्तर रेलवे, ''नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए प्रवेश द्वारों को अलग-अलग रंग कोड दिए गए हैं। रंग आधारित दिशा सूचक बोर्डों की मदद से यात्री आसानी से सही प्रवेश द्वार तक पहुंच सकेंगे। रेलवे को उम्मीद है कि इससे यात्रियों की आवाजाही सुगम होगी और प्रवेश द्वारों पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।''
बता दें कि, पिछले साल फरवरी महीने में प्रयागराज महाकुंभ के दौरान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की अनियंत्रित भारी भीड़ के दौरान अचानक भगदड़ मचने से कई यात्रियों की मौत हो गई थी, जबकि अनेक यात्री घायल हुए थे। इसके बाद से रेलवे यहां क्राउड कंट्रोल के लिए लगातार नए-नए इंतजाम और प्रयास कर रहा है।




साइन इन