नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का मेगा मेकओवर, रोज 7 लाख यात्रियों को संभालने की तैयारी
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत NDLS को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि भविष्य की जरूरतों को पूरा किया जा सके। इस योजना का मकसद साल 2030 तक ट्रेनों की ओरिजिनेटिंग क्षमता को दोगुना करना है।

यात्रियों की बढ़ती भीड़ और रेल यातायात के दबाव को देखते हुए इंडियन रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन को बड़े स्तर पर रीडेवलप करने की योजना तैयार की है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत NDLS को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि भविष्य की जरूरतों को पूरा किया जा सके। इस योजना का मकसद साल 2030 तक ट्रेनों की ओरिजिनेटिंग क्षमता को दोगुना करना है।
ये भवन होगें रीडेवलप
जानकारी के लिए आपको बता दें कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, उत्तरी रेलवे के प्रशासनिक नियंत्रण में आता है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तरी रेलवे के मुताबिक, प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 16 के पास स्थित मौजूदा स्टेशन भवनों को गिराकर उनकी जगह दो नए हाइटेक स्टेशन भवनों को बनाया जाएगा। नए भवनों का कुल बिल्ट-अप एरिया लगभग 1,09,000 वर्ग मीटर होगा। ये परिसर मौजूदा 17,274 वर्ग मीटर के स्टेशन क्षेत्रफल से कई गुना ज्यादा है।
रोजाना 7 लाख यात्रियों की आवाजाही
फिलहाल नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रोजाना करीब चार लाख यात्रियों की आवाजाही होती है। रीडेवलपमेंट के बाद यह स्टेशन हर रोज लगभग 7 लाख यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा। उत्तरी रेलवे ने अपने बयान में कहा गया है कि नए स्टेशन भवनों को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यात्रियों की भीड़ को बेहतर ढंग से मैनेज किया जा सके। लोगों को ज्यादा से ज्यादा आरामदायक सुविधाएं मिल सकें।
स्टेशन में बनेंगे कई तरह के एरिया
नई योजना के तहत स्टेशन में अलग-अलग होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे। इन एरिया में यात्री ट्रेनों के समय तक आराम से रुक सकेंगे। इसके अलावा एप्रन जोन विकसित किए जाएंगे, जिससे एलिवेटेड रोड से स्टेशन परिसर तक यात्रियों की आवाजाही आसानी से हो सकेगी। स्टेशन परिसर में रिटेल स्पेस भी विकसित किए जाएंगे, जिससे यात्रियों को खरीदारी और अन्य जरूरी चीजें एक ही जगह मिल सकें।

इस रीडेवलेपमेंट योजना में शहर के अन्य परिवहन साधनों के साथ बेहतर कनेक्टिविटी पर भी खास जोर दिया गया है। स्टेशन को दिल्ली मेट्रो और अन्य शहरी परिवहन नेटवर्क से सहज रूप से जोड़ा जाएगा, ताकि यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने और वहां से निकलने में किसी तरह की परेशानी न हो।
48 शहरों में ट्रेनों की क्षमता होगी दोगुनी
आपको बताते चलें कि शुक्रवार को रेल मंत्रालय ने देश के 48 बड़े शहरों में अगले पांच सालों में ट्रेनों की ओरिजिनेटिंग क्षमता को दोगुना करने की घोषणा की थी। इस पहल के तहत उत्तरी रेलवे के 10 प्रमुख स्टेशनों को इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड के लिए चिन्हित किया गया है। इनमें दिल्ली के अलावा लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या, चंडीगढ़, लुधियाना, जम्मू, हरिद्वार और बरेली जैसे अहम स्टेशन शामिल हैं।




साइन इन