गुरुग्राम में नेताजी सुभाष चंद्र मार्ग बनेगा ‘मॉडल रोड’; सुभाष चौक फ्लाईओवर की भी संवरेगी सूरत
Gurugram News : गुरुग्राम में नेताजी सुभाष चंद्र मार्ग को ‘मॉडल रोड’ बनाया जाएगा। जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने इस सिलसिले में कार्यकर्ता अभियंता को आदेश जारी किए हैं।
Gurugram News : गुरुग्राम में नेताजी सुभाष चंद्र मार्ग को ‘मॉडल रोड’ बनाया जाएगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने इस सिलसिले में कार्यकर्ता अभियंता को आदेश जारी किए हैं। इस मार्ग को मॉडल बनाने के साथ-साथ सुभाष चौक फ्लाईओवर का सौंदर्यकरण किया जाएगा।
जीएमडीए की तरफ से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से लेकर हीरो होंडा चौक तक सड़क को मॉडल बनाया जाएगा। इस मार्ग पर अभी ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का निर्माण चल रहा है। इस वजह से दोनों तरफ एक-एक लेन बंद है। इन मार्ग पर 10 रिहायशी और शैक्षणिक सेक्टर हैं। सड़क पर स्ट्रीट लाइट का बेहतर बंदोबस्त किया जाएगा। इस रोड पर साफ-सफाई बेहतर रखने के लिए गुरुग्राम नगर निगम की मदद ली जाएगी। आसपास लगते सेक्टर के मुख्य सड़कों से जुड़ाव को दुरुस्त किया जाएगा।
बस स्टॉप भी होंगे दुरुस्त
रोजाना करीब 70 से 80 हजार वाहन इस मार्ग से निकलते हैं। इस रोड को पैदल चलने और साइकिल चलाने वाले लोगों के लिए सुरक्षित किया जाएगा। बस स्टॉप को दुरुस्त किया जाएगा। मौजूदा समय में मुख्य सड़क पर बस स्टॉप बने हैं। बसों के रुकने के दौरान वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है। सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा उपकरण मुहैया करवाए जाएंगे। स्लिप रोड और सर्विस रोड को बेहतर और गड्ढामुक्त किया जाएगा। इस मार्ग को अतिक्रमणमुक्त किया जाएगा। टैक्सी और ऑटो स्टेंड के लिए जगह सुनिश्चित की जाएगी। इस रोड को मॉडल बनाने के लिए डीपीआर तैयार करवाई जाएगी।
फ्लाईओवर के सौंदर्यकरण में जुटे अधिकारी
सुभाष चौक फ्लाईओवर के सौंदर्यकरण में अधिकारी जुट गए हैं। दोनों तरफ ग्रिल को पेंट किया जा रहा है। फ्लाईओवर के डिवाइडर पर बड़े-बड़े गमले रख दिए हैं, जिसमें पौधे लगाए जाएंगे।
अमित गोदारा, कार्यकारी अभियंता, जीएमडीए, ''नेताजी सुभाष चंद्र मार्ग को बेहतर बनाया जाएगा। सेक्टर-39 स्थित साइबर पार्क के आसपास के क्षेत्र को यातायात के लिए बेहतर बनाया जाएगा। चौक-चौराहों को आवागमन के लिए सुरक्षित किया जाएगा। इसके लिए योजना बनाई जा रही है।''




साइन इन