नमो भारत ट्रेन के स्टेशनों पर बाइक से लेकर कार तक कितनी लगेगी पार्किंग फीस, यहां देखें रेट लिस्ट
नमो भारत ट्रेन से दिल्ली से मेरठ के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए एनसीआरटीसी ने सभी नमो भारत स्टेशनों पर वाहन पार्किंग की सुविधा भी विकसित की है। दिल्ली-मेरठ के बीच 82 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के स्टेशनों पर प्रतिदिन 8,000 से ज्यादा वाहन पार्क किए जा सकेंगे।

नमो भारत ट्रेन से दिल्ली से मेरठ के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए एनसीआरटीसी ने सभी नमो भारत स्टेशनों पर वाहन पार्किंग की सुविधा भी विकसित की है। दिल्ली-मेरठ के बीच 82 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के स्टेशनों पर प्रतिदिन 8,000 से ज्यादा वाहन पार्क किए जा सकेंगे। सराय काले खां और गाजियाबाद समेत कॉरिडोर के पांच ऐसे स्टेशन हैं, जिनकी पार्किंग क्षमता सबसे ज्यादा है। यात्रियों की सहूलियत के लिए एनसीआरटीसी ने दिल्ली मेट्रो की अपेक्षा पार्किंग शुल्क भी कम रखा है।
एनसीआरटीसी के मुताबिक, चार पहिया वाहनों के लिए गाजियाबाद स्टेशन पर सबसे बड़ी पार्किंग बनाई गई है। इस स्टेशन पर 370 चार पहिया और 632 दोपहिया वाहन पार्क किए जा सकते हैं। दिल्ली में सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर 266 कारें और 837 दोपहिया वाहनों की पार्किंग तैयार की गई है। मेरठ साउथ स्टेशन की पार्किंग में 289 चार पहिया और 854 दोपहिया वाहन खड़े किए जा सकते हैं। परतापुर बाईपास के नजदीक बने इस स्टेशन से हरिद्वार और रुड़की की बसों की कनेक्टिविटी भी उपलब्ध हैं। ऐसे में यहां भी बड़ी पार्किंग का निर्माण किया गया है।
मेरठ में नमो भारत ट्रेनों के अंतिम स्टेशन मोदीपुरम पर 135 से अधिक कारें और 1,200 से अधिक दोपहिया वाहनों की पार्किंग क्षमता दी गई है। इसके अलावा शताब्दी नगर स्टेशन पर भी करीब 120 कारें और 350 से अधिक दोपहिया वाहन पार्क किए जा सकते हैं। यात्री नमो भारत कनेक्ट ऐप पर रियल टाइम पार्किंग उपलब्धता के बारे में जानकारी ले सकेंगे। इससे लोगों को सहूलियत होगी। एनसीआरटीसी का उद्देश्य है कि लोगों को नमो भारत का सफर आरामदायक हो। उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
दिल्ली में पार्किंग शुल्क
10 मिनट से 6 घंटे : साइकिल के पांच रुपये, दोपहिया वाहनों के 20 और कार के लिए 50 रुपये पार्किंग शुल्क लगेंगे
6 से 12 घंटे : साइकिल के लिए 10 रुपये, दोपहिया वाहन के लिए 30 रुपये और कार के लिए 80 रुपये
12 से 16 घंटे : साइकिल के लिए 10 रुपये, दोपहिया वाहन के लिए 40 और कार के लिए 90 रुपये
16 घंटों से परिचालन समय तक : इसमें दोपहिया वाहनों के 50 रुपये व कार के लिए 100 रुपये की दर तय की गई है
रात 12 बजे सुबह पांच बजे : साइकिल के लिए 20 रुपये, दोपहिया वाहन के लिए 60 रुपये और कार के लिए 200 रुपये अतिरिक्त रात्रि शुल्क देना होगा
मासिक पास : दोपहिया वाहन का मंथली पास 600 रुपये में और कार के लिए 2000 रुपये में बनेगा। यह रकम दिल्ली और यूपी के लिए समान है
उत्तर प्रदेश में पार्किंग शुल्क
10 मिनट से 6 घंटे तक : साइकिल के लिए 5 रुपये, दोपहिया वाहनों के लिए 10 रुपये और कार के लिए 30 रुपये
6 से 12 घंटे : दोपहिया वाहनों के 25 रुपये और कारों के 60 रुपये
12 से 16 घंटे : दोपहिया वाहनों के लिए 30 रुपये और कार के लिए 80 रुपये
16 घंटे से परिचालन समय तक : साइकिल के 10 रुपये, दोपहिया वाहनों के 30 रुपये और कार के 100 रुपये




साइन इन