नमो भारत कॉरिडोर का नया कीर्तिमान; पहली बार पार किया 1 लाख पैसेंजर्स का आंकड़ा
दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के पहले एक पूरे दिन के ऑपरेशन के दौरान नेटवर्क के मुख्य स्टेशनों पर यात्रियों की अभूतपूर्व संख्या देखी गई। इस कॉरिडोर ने पहली बार 1 लाख यात्रियों का आंकड़ा पार किया है।

नमो भारत कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो के पूरे खंड के खुलने के बाद यात्रियों की संख्या में भारी उछाल आया है। 23 फरवरी को एक ही दिन में रिकॉर्ड 1 लाख से अधिक यात्रियों ने सफर किया जो पहले की तुलना में 70 फीसदी अधिक है। मेरठ का बेगमपुल स्टेशन सबसे व्यस्त रहा जबकि आनंद विहार और गाज़ियाबाद में भी भारी भीड़ देखी गई। प्रधानमंत्री द्वारा नए खंडों के उद्घाटन के बाद सराय काले खां से मोदीपुरम तक पूरी सेवा शुरू हो गई है। ऑफिस जाने वालों और छात्रों के साथ-साथ परिवारों ने भी इस हाई-स्पीड और आरामदायक ट्रेन के सफर का आनंद लिया।
बेगमपुल सबसे बिजी स्टेशन
बेगमपुल कॉरिडोर का सबसे व्यस्त स्टेशन रहा जहां यात्रियों की सबसे अधिक संख्या रिकॉर्ड की गई। आनंद विहार और गाजियाबाद भी व्यस्ततम स्टेशन रहे। इस तरह पूरे कॉरिडोर पर 1 लाख से यात्रियों की आवाजाही देखी गई। यह इस कॉरिडोर पर एक दिन में रिकॉर्ड की गई अब तक की सबसे अधिक राइडरशिप है। अब तक कॉरिडोर पर दैनिक औसत राइडरशिप लगभग 60 हजार ही दर्ज की जा रही थी। ताजा आंकड़ा उसमें 70 फीसदी की बढ़ोतरी बता रहा है।
बेगमपुल पसंदीदा मोबिलिटी हब
23 फरवरी को सोमवार होने के कारण समूचे नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। मेरठ के सेंटर में मौजूद बेगमपुल स्टेशन कॉरिडोर के सबसे बड़े स्टेशनों में रहा। चूंकि इसकी लोकेशन मेरठ के सेंट्रल मार्केट और बिजनेस डिस्ट्रिक्ट के ठीक बीच में है और यह नमो भारत और मेरठ मेट्रो दोनों सेवाएं प्रदान करता है इस वजह से यह पसंदीदा मोबिलिटी हब में बदल गया है।
दूसरा सबसे बिजी स्टेशन रहा आनंद विहार
आनंद विहार स्टेशन ने दूसरी सबसे अधिक राइडरशिप रिकॉर्ड। चूंकि यह स्टेशन आनंद विहार रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक और ब्लू लाइन, स्वामी विवेकानंद आईएसबीटी, कौशांबी स्थित यूपीएसआरटीसी बस स्टैंड और सिटी बस स्टैंड के साथ कनेक्टिविटी प्रदान करता है इसलिए इस स्टेशन पर यात्रियों की काफी अधिक संख्या रही। यह स्टेशन दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन के शहीद स्थल स्टेशन से एक फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के जरिए कनेक्टिविटी प्रदान करता है।
सराय काले खां, शताब्दी नगर और मोदीपुरम पर भी भीड़
सराय काले खां, शताब्दी नगर और मोदीपुरम जैसे नए स्टेशनों पर भी अच्छी राइडरशिप दर्ज की गई। न्यू अशोक नगर स्टेशन, जो पहले से ही चालू था, वहां भी भारी भीड़ देखी गई। यात्रियों की भारी भीड़ दिखाती है कि लोग इस सेवा के शुरू होने के साथ ही इसे तेजी से अपनाने लगे हैं। कई परिवार और युवा इस नई सेवा का अनुभव करने के लिए ट्रेन में घूमते नजर आए। लोगों ने ग्रुप फोटो खिंचाई और कम समय में आरामदायक यात्रा का आनंद लिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म नमो भारत की रील्स और सेल्फी से भरे देखे जा रहे हैं।




साइन इन