गुरुग्राम में ढाई साल की बेटी को मारकर मां ने खुद का गला रेता, क्या वजह
Gurugram Murder: गुरुग्राम में दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। एक महिला ने अपनी ढाई साल की बेटी की हत्या करने के बाद कैंची से खुद का गला रेत दिया। महिला की हालत गंभीर है।

Gurugram Murder: गुरुग्राम से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सेक्टर-9 स्थित सूर्या विहार इलाके में एक 30 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर अपनी ढाई साल की बेटी की हत्या कर दी और इसके बाद खुद का गला रेत खुदकुशी की कोशिश की। महिला की हालत गंभीर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि महिला ने ऐसा क्यों किया। महिला की हालत स्थिर होने के बाद पूछताछ से ही मामले का खुलासा हो पाएगा।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम जब महिला का 31 वर्षीय पति काम से घर लौटा तो उसने पत्नी को खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा पाया, जबकि बेटी बेसुध पड़ी थी। आनन-फानन में दोनों को सेक्टर-10 के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
बेटी को मारकर मां ने खुद का गला रेता
पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला ने कैंची से अपना गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हालत नाजुक होने के चलते डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए फिलहाल अयोग्य बताया है और उसे एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि महिला ने बच्ची को पहले जहर दिया हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
वारदात की क्या वजह
जानकारी के अनुसार, दंपति मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर के रहने वाले हैं और चार साल पहले उनकी शादी हुई थी। वे इसी साल जनवरी में गुरुग्राम आकर रहने लगे थे।
पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी संदीप तुरन ने बताया कि पति के बयान के आधार पर महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दंपति के बीच हुए विवाद और घटना के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।




साइन इन