Delhi Monsoon 2026 : दिल्ली में कब पहुंचेगा मॉनसून? सामने आईं संभावित डेट; छतरी-रेनकोट निकाल लें बाहर
Delhi Monsoon 2026 : भीषण गर्मी से परेशान दिल्ली में मॉनसून इस बार 25 से 30 जून के बीच पहुंचने के आसार हैं। इस बीच मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में दिन और रात दोनों ही तापमान में बढ़ोतरी हाे सकती है। साथ ही बुधवार के बाद एक बार फिर आंधी-बारिश आने का भी अनुमान है।

देश के दक्षिणी हिस्से में मॉनसून की प्रगति के साथ ही दिल्ली में भी मॉनसून को लेकर संभावनाएं बढ़ती जा रही है। राजधानी दिल्ली में मॉनसून आगमन की निर्धारित तिथि 27 जून है। माना जा रहा है कि दिल्ली में 25 से 30 जून के बीच मॉनसून का आगमन हो सकता है। यानी दिल्ली में इस बार अपने निर्धारित समय के आसपास ही मॉनसून के पहुंचने के आसार हैं। हालांकि, मॉनसून की प्रगति कई बार हवाओं के धीमा पड़ने के साथ ही धीमी पड़ जाती है, इसलिए इस संबंध में अभी निश्चित होकर कुछ नहीं कहा जा सकता।
दिन और रात दोनों ही तापमान में होगा इजाफा
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में दिन और रात दोनों ही तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। सोमवार को अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं। सुबह से ही निकलने वाली कड़ी धूप के चलते लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का अहसास होगा। हालांकि, तीन दिनों बाद दिल्ली के मौसम पर एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। इससे बुधवार के बाद के बाद तेज धूल भरी आंधी के साथ ही हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरेगा और लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिल सकती है।
तेज धूप से छह डिग्री चढ़ा तापमान
दिल्ली में एक बार फिर से झुलसाने वाली गर्मियों का दौर शुरू हो गया है। रविवार दोपहर लोगों को गर्म हवा के थपेड़ों का सामना करना पड़ा। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में बीते तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद अब हवा के रुख में बदलाव हुआ है। दिल्ली में अब हवा ज्यादातर समय पश्चिमी, उत्तर पश्चिमी या दक्षिण पश्चिम दिशा से आ रही है। यह हवा सूखी और गर्म है। इसमें नमी की मात्रा कम है। इससे लोगों को दिन के समय गर्म हवा के थपेड़ों का अहसास होने लगा। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। यहां पर बीते तीन दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग छह डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। इसके बाद से ही तापमान तेजी से बढ़ा है। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी
दिल्ली में दिनभर की तेज गर्मी के बाद शाम के समय कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक शाम को पांच बजे के बाद आईजीआई हवाई अड्डा, पालम और आयानगर जैसे इलाकों में घने बादलों की आवजाही शुरू हो गई। इस दौरान तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। पालम में 2.6 मिमी और आयानगर में 0.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे गर्मी से हल्की राहत मिली, हालांकि यह राहत ज्यादा देर तक टिकने की संभावना कम है।




साइन इन