दिल्ली के आईजीआई और नोएडा एयरपोर्ट के बीच बनेगी सुरंग, गुरुग्राम जाना भी होगा आसान; NHAI का क्या प्लान
एनएचएआई ने दिल्ली एयरपोर्ट और नोएडा एयरपोर्ट को सड़क मार्ग के जरिये आपस में जोड़ने के लिए एक सुरंग बनाने का प्लान बनाया है। इससे दिल्ली और नोएडा के साथ ही गुरुग्राम आना-जाना और भी तेज हो जाएगा।

राजधानी दिल्ली में आईजीआई एयरपोर्ट और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच सड़क मार्ग की कनेक्टिविटी के लिए सुरंग बनाई जाएगी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की सहमति से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सुरंग मार्ग के लिए अध्ययन शुरू कर दिया है। इस सुरंग को गुरुग्राम तक विस्तार देने की योजना है। यह परियोजना न केवल दोनों एयरपोर्ट को आपस में जोड़ेगी, बल्कि दिल्ली-नोएडा के लोगों के लिए गुरुग्राम तक का सफर आसान और तेज हो जाएगा।
एनएचएआई ने इस प्रोजेक्ट को दो चरणों में विभाजित किया है। पहले चरण में तालकटोरा स्टेडियम से आईजीआई एयरपोर्ट होते हुए गुरुग्राम तक सुरंग मार्ग की संभावनाओं का अध्ययन शुरू कराया गया है। दूसरे चरण में इस सुरंग मार्ग को तालकटोरा से सराय काले खां तक विस्तार के लिए अध्ययन होगा। इस सुरंग का ज्यादातर हिस्सा रिंग रोड के नीचे रहने की संभावना है। सराय काले खां पर इस सुरंग को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा, जिससे चंदावली-जेवर संपर्क मार्ग से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी।
तालकटोरा पर होगा एक प्रवेश द्वार
इस सुरंग परियोजना में बीच में कई जगह प्रवेश और निकासी मार्ग होंगे। इसमें से एक प्रमुख प्रवेश द्वार तालकटोरा स्टेडियम के पास होगा। यह स्थान नई दिल्ली के मध्य में स्थित है, जिससे करोल बाग, पटेल नगर, राजेंद्र प्लेस, कनॉट प्लेस और आसपास के घनी आबादी वाले इलाकों के लाखों निवासियों को सीधा फायदा मिलेगा। इस सुरंग के जरिये नई दिल्ली व मध्य दिल्ली के लोग बिना शहर के भारी ट्रैफिक में फंसे तेज गति से आईजीआई एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे। साथ ही गुरुग्राम जाना भी सहज होगा। यदि किसी यात्री को जेवर एयरपोर्ट जाना हो तो वह भी इसी सुरंग मार्ग से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे होते हुए आसानी से पहुंच सकेगा।
अध्ययन के बाद बनेगी डीपीआर
फिलहाल एनएचएआई का अध्ययन प्रारंभिक चरण में है। अलाइनमेंट तय होने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी, जिसमें निर्माण लागत, तकनीकी चुनौतियों और समय सीमा का विस्तृत ब्योरा होगा। यह परियोजना दिल्ली-एनसीआर के ट्रैफिक स्ट्रक्चर को बदलने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो सकती है।
सराय काले खां से एयरपोर्ट तक लगते हैं दो घंटे
वर्तमान में सराय काले खां से आईजीआई एयरपोर्ट की सड़क मार्ग से दूरी लगभग 20 से 23 किलोमीटर है। सामान्य यातायात में यह दूरी तय करने में करीब 45 मिनट से एक घंटे तक का समय लग जाता है। दिल्ली की भीड़भाड़ वाली सड़कों और पीक आवर्स में यह समय डेढ़ से दो घंटे तक भी पहुंच जाता है। मेट्रो मार्ग से सराय काले खां से एयरपोर्ट टी-3 की दूरी 31 किलोमीटर है और यात्रा में करीब 56 मिनट लगते हैं, जिसमें दो बार मेट्रो बदलनी पड़ती है। नई सुरंग के बनने के बाद यह यात्रा कहीं अधिक सुगम और कम समय में पूरी हो सकेगी।
दो चरणों में काम होगा
1. तालकटोरा स्टेडियम से आईजीआई एयरपोर्ट होते हुए गुरुग्राम तक सुरंग मार्ग की संभावनाओं का अध्ययन शुरू कराया गया है।
2. इस सुरंग मार्ग को तालकटोरा से सराय काले खां तक विस्तार के लिए अध्ययन होगा। सुरंग का ज्यादातर हिस्सा रिंग रोड के नीचे रहने की संभावना है।
हर्ष मल्होत्रा, राज्यमंत्री, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, ''सुरंग परियोजना के लिए पहले तालकटोरा स्टेडियम से आईजीआई एयरपोर्ट व गुरुग्राम तक सुरंग सड़क के लिए अध्ययन शुरू कराया गया है। अगले चरण में सुरंग के तालकटोरा से सराय काले खां की तरफ अध्ययन होगा।''




साइन इन