Molested, racially abused, clothes torn: 2 Northeast women allege assault in Delhi कपड़े फाड़े, मारपीट और नस्लीय टिप्पणी का आरोप; दिल्ली में बिहार और असम की महिलाओं से बदसलूकी, Ncr Hindi News - Hindustan
More

कपड़े फाड़े, मारपीट और नस्लीय टिप्पणी का आरोप; दिल्ली में बिहार और असम की महिलाओं से बदसलूकी

घटना दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के नेहरू प्लेस इलाके की है, जहां क्लब से बाहर आने के बाद महिलाओं के साथ कुछ युवकों ने अभद्रता की। पुलिस ने मामले में चार मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। 

Mon, 11 May 2026 06:10 PMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
कपड़े फाड़े, मारपीट और नस्लीय टिप्पणी का आरोप; दिल्ली में बिहार और असम की महिलाओं से बदसलूकी

राजधानी दिल्ली में नॉर्थ ईस्ट की दो महिलाओं के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़, नस्लीय टिप्पणी और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के नेहरू प्लेस इलाके की है, जहां क्लब से बाहर आने के बाद महिलाओं के साथ कुछ युवकों ने अभद्रता की। पुलिस ने मामले में चार मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पहले कहा गया था कि दोनों महिलाएं नॉर्थ ईस्ट की हैं। लेकिन, जांच में सामने आया है कि एक महिला बिहार की है और दूसरी असम की।

मारपीट, गालियां और नस्लीय टिप्पणियों का आरोप

पुलिस के मुताबिक, घटना 10 मई की तड़के की है। दोनों महिलाएं ईरोस होटल के पास एक चाय की दुकान पर चाय पी रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और उन पर भद्दे कमेंट कसने लगे। महिलाओं ने विरोध किया, तो कुछ और युवक वहां आ गए और विवाद बढ़ गया। पीड़िताओं का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ नस्लीय टिप्पणियां की गईं, उन्हें गालियां दी गईं और मारपीट की गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बेटा-बेटी, पत्नी को मारकर खुदको जलाने की कोशिश, ट्रिपल मर्डर कर खुद बुलाई पुलिस

बांस की लकड़ी से हमला, कपड़े तक फाड़ दिए

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, महिलाओं ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनके कपड़े तक फाड़ दिए। एक महिला ने पुलिस को बताया कि उसके साथ छेड़छाड़ की गई, जबकि दूसरी महिला ने दावा किया कि जब वे वहां से निकलने की कोशिश कर रही थीं, तब उन पर बांस की लकड़ी से हमला किया गया। आरोपियों ने कथित तौर पर दोनों का रास्ता भी रोका और घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

महिलाओं को सुरक्षित स्थान पर ले गई पुलिस

मामले की सूचना सुबह करीब 7 बजे पीसीआर कॉल के जरिए कालकाजी थाना पुलिस को मिली। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। बाद में मेडिकल जांच के लिए उन्हें एम्स अस्पताल भेजा गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ग्वालियर में नगर निगम की टंकी में मरा सांप मिला, लड़के बोले- मजाक-मजाक में…

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। इनमें महिला की मर्यादा भंग करने के इरादे से हमला, चोट पहुंचाना, गलत तरीके से रोकना, पीछा करना, आपराधिक धमकी और सामूहिक इरादे जैसी धाराएं शामिल हैं।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, जांच जारी

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और कई लोगों से पूछताछ की। अब तक आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है, जिनमें से चार मुख्य आरोपियों की पहचान हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जब-जब दिल्ली की गद्दी पर औरंगजेब बैठा, उसे पंजाब की तरक्की से… मनीष सिसोदिया
ये भी पढ़ें:17 करोड़ लेकर फरार हो गया था बिल्डर… जमीन की रजिस्ट्री तक नहीं कराई- अब गिरफ्तार
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।