17 करोड़ लेकर फरार हो गया था बिल्डर… जमीन की रजिस्ट्री तक नहीं कराई- अब गिरफ्तार
आरोपी एजेंट का नाम महेश मुगाम, उम्र 50 साल है। वह नोएडा के सेक्टर-75 का निवासी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी एक अगस्त 2024 को जमीन बेचने का समझौता करके 17 करोड़ रुपये लेकर फरार हो गया था।

17 करोड़ की धोखाधड़ी करके फरारी का मजा लूट रहे रियल स्टेट एजेंट को गुरुग्राम पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी एजेंट का नाम महेश मुगाम, उम्र 50 साल है। वह नोएडा के सेक्टर-75 का निवासी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी एक अगस्त 2024 को जमीन बेचने का समझौता करके 17 करोड़ रुपये लेकर फरार हो गया था। उसने न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई थी और न ही संपर्क रखा।
11.33 एकड़ जमीन बेचने के नाम पर लिए थे 17 करोड़
अधिकारियों ने बताया कि 20 जनवरी को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 'नियॉन इन्फ्रा कंस्ट्रक्शन सॉल्यूशंस' कंपनी ने उसे हरियाणा में पलवल जिले के घुघेरा गांव में लगभग 11.33 एकड़ जमीन बेचने का भरोसा दिलाते हुए दस्तावेज दिखाए थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने एक अगस्त 2024 को जमीन बेचने का समझौता किया और कुल कीमत व अन्य खर्चों के नाम पर उससे करीब 17 करोड़ रुपये ले लिए।
बिना रजिस्ट्री हुआ फरार, अब पुलसि ने किया गिरफ्तार
उसने आरोप लगाया कि रुपये लेने के बाद आरोपी ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई और संपर्क भी तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में सेक्टर-40 थाने में मामला दर्ज किया गया और आर्थिक अपराध शाखा-1 की टीम ने जांच के दौरान शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गोलीबारी के 2 आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम से गिरफ्तारी की एक अन्य खबर भी सामने आई है। गायक राहुल फाजिलपुरिया के कार्यक्रम आयोजक सौरभ यादव के सेक्टर 45 स्थित घर पर गोलीबारी के सिलसिले में शनिवार को पंजाब से दो हमलावरों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि गैंगस्टर दीपक नंदल के दोनों शूटर ने कथित तौर पर यादव की हत्या की साजिश रचने की बात कबूल की है।
मोटरसाइकिल से पहुंचे दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर शनिवार रात कन्हाई गांव स्थित यादव के घर पर गोलीबारी की, जिसमें कार्यक्रम आयोजक की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल कुलबीर घायल हो गए। आरोपी गोलीबारी के तुरंत बाद अपनी बाइक से मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि सेक्टर 40 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अपराध इकाई, सेक्टर 39 और सेक्टर 17 की संयुक्त टीम ने शनिवार को पंजाब से हमलावरों गुरशेर सिंह उर्फ शेरा (23) और जसपाल उर्फ बाबुल (28) को गिरफ्तार किया। वे पंजाब के तरनतारन जिले के नौने गांव के निवासी हैं।




साइन इन