ग्वालियर में नगर निगम की टंकी में मरा सांप मिला, लड़के बोले- मैंने मजाक-मजाक में… VIDEO
Gwalior Water Tank Snake Video: वीडियो सामने आने के बाद से लोगों में हड़ंकप मचा हुआ है। लोग सवाल पूछ रहे हैं कि नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा इतनी भयंकर लापरवाही कैसे हो सकती है? हालांकि घटना से जुड़ा एक अन्य वीडियो भी शेयर किया जा रहा है, जिसमें सांप निकालने वाला युवक कह रहा है…

Gwalior Water Tank Snake Video: ग्वालियर नगर निगम की पानी टंकी में मरा सांप मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। वार्ड 10 के घासमंडी मिर्जापुर मस्जिद इलाके की जिस टंकी में मरा सांप मिला है, वहां से 16-19 हजार लोगों को पानी सप्लाई होती है। वीडियो सामने आने के बाद से लोगों में हड़ंकप मचा हुआ है। लोग सवाल पूछ रहे हैं कि नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा इतनी भयंकर लापरवाही कैसे हो सकती है? हालांकि घटना से जुड़ा एक अन्य वीडियो भी शेयर किया जा रहा है, जिसमें सांप निकालने वाला युवक कह रहा है कि पानी के अंदर सांप नहीं मिला था।
पानी की टंकी से मरा सांप निकालता दिखा लड़का
एक्स पर शेयर हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति लकड़ी की मदद से पानी की टंकी के अंदर से मरा हुआ सांप निकालता है। वह कहता है- ये देखिए घासमंडी वार्ड क्रमांक 10 की टंकी में सांप निकला है। इससे लोग पानी पीते हैं। सरकार इसको साफ कराए। वीडियो सामने आने के बाद लोग नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े करने लगे कि आखिर इस तरह की लापरवाही कैसे हो सकती है…
बाद में बोला- पानी के अंदर सांप नहीं मिला था
हालांकि एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें सांप निकालने वाला युवक कह रहा है- मैं यहीं रहता हूं। मुझे यहीं बाहर सांप घूरे पर मरा पड़ा मिला था। फिर हम उसको अंदर ले गए और वीडियो बना ली। पानी के अंदर सांप नहीं मिला था। वीडियो में दिखाई देने वाला दूसरा लड़का कहता है- मजाक-मजाक में वीडियो बना ली थी, सांप घूरे पर पड़ा मिला था। हम इसके लिए माफी मांगते हैं। पानी गंदा नहीं है। अब ये जांच का विषय है क्या सच में सांप मरा मिला था या नहीं।

इस मामले पर पार्षद ने क्या कहा
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद शकील मंसूरी से जब इस पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा- इस मामले की कोई जानकारी नहीं है। दो–तीन दिन पहले कुछ लोगों द्वारा उन पर हमला किया गया था, जिसमें उन्हें काफी चोटें आई हैं और वह फिलहाल एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। पार्षद को यह भी जानकारी नहीं है कि टंकी कितनी पुरानी है और कब से साफ नहीं की गई है।
माफी मांगने वाली वीडियो पर एक्स यूजर क्या बोले
हालांकि जनता इस मामले में अलग तरह से प्रतिक्रिया दे रही है। खबर लिखे जाने तक पूनम दिल से नामक यूजर ने लिखा- "क्या बकवास है जनता को हर चीज का दोषी बना रहे हैं?" वहीं जीशान अलि नामक यूजर ने लिखा- "अक्सर कुछ खुलासे होते है तो फिर बाद में ऐसे ही मांगी वाले वीडियो क्यों आते है।" वहीं मनोज नामक यूजर ने लिखा- "डरा दिया गरीब को।" अब यह जांच का विषय है सच में सांप मिला था, या फिर प्रशासन ने डरा-धमकाकर माफी वाला वीडियो बनाने का दबाव बनाया।
इससे पहले पानी टंकी में छिपकलीं मिली थीं
आपको बता दें कि, ग्वालियर में इस तरह का एक और मामला सामने आ चुका है। जब नगर निगम द्वारा इस तरह की लापरवाही और अनदेखी सामने आई थी। करीब डेढ़ महीने पहले यहां की एक पानी टंकी में मरी हुई छिपकलियां मिली थी। ये घटना मार्च महीने में मानपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने फ्लैटों की पानी की टंकी में देखी गई थी।
लाइव हिन्दुस्तान इन वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। खबर एक्स पर शेयर हो रहे वीडियो के आधार पर बनाई गई है।




साइन इन