mm naravane book case delhi police reached penguin india gurugram office नरवणे की बुक का मामला; पेंगुइन इंडिया के गुरुग्राम दफ्तर पहुंची दिल्ली पुलिस, Ncr Hindi News - Hindustan
More

नरवणे की बुक का मामला; पेंगुइन इंडिया के गुरुग्राम दफ्तर पहुंची दिल्ली पुलिस

एमएम नरवणे की किताब लीक होने के मामले की जांच को लेकर दिल्ली पुलिस एक्टिव हो गई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की एक टीम बुधवार को गुरुग्राम स्थित डीएलएफ इंफिनिटी मॉल में पेंगुइन इंडिया के कार्यालय पहुंची।

Wed, 11 Feb 2026 08:28 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, राजन शर्मा, नई दिल्ली
share
नरवणे की बुक का मामला; पेंगुइन इंडिया के गुरुग्राम दफ्तर पहुंची दिल्ली पुलिस

पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) एमएम नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक के कथित लीक के मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने प्रकाशन संस्था पेंगुइन इंडिया को नोटिस जारी कर कई अहम सवालों के जवाब मांगे हैं। यही नहीं जांच टीम ने कंपनी के संबंधित अधिकारियों को पूछताछ में शामिल होने के लिए कहा है। स्पेशल सेल की एक टीम बुधवार को गुरुग्राम में पेंगुइन इंडिया के दफ्तर पहुंची थी।

पेंगुइन के गुरुग्राम दफ्तर में दो घंटे रही मौजूद

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के तहत स्पेशल सेल की एक टीम गुरुग्राम स्थित डीएलएफ इंफिनिटी मॉल में पेंगुइन इंडिया के कार्यालय पहुंची। टीम करीब दो घंटे तक दफ्तर में मौजूद रही।

कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त

सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की ओर से इस दौरान वहां से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए। जांच टीम अब इन दस्तावेजों की छानबीन कर रही है।

इन सवालों के जवाब की तलाश

सूत्रों का कहना है कि स्पेशल सेल की जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किताब की प्री-प्रिंट या अप्रकाशित सामग्री आखिरकार किस स्तर से लीक हुई? दिल्ली पुलिस यह भी जानना चाहती है कि किन लोगों को प्री-प्रिंट कॉपी तक की एक्सेस थी? दिल्ली पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या इसमें किसी अंदरूनी साजिश की भूमिका रही?

आपराधिक साजिश के आरोप भी जोड़े

इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस की ओर से दर्ज मामले में आपराधिक साजिश के आरोप भी जोड़ दिए गए हैं। पुलिस ने मामले से जुड़ी एफआईआर में भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी (आपराधिक साजिश) भी जोड़ दी गई है।

संवेदनशील जानकारियों की सुरक्षा पर सवाल

इस मामले ने रक्षा प्रतिष्ठान से जुड़ी संवेदनशील जानकारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि लीक सामग्री में किस प्रकार की जानकारी शामिल थी? क्या उसमें राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित कोई संवेदनशील पहलू भी है?

तलब किए जा सकते हैं संबंधित लोग

पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच जारी होने की बात कही है और संकेत दिए हैं कि जरूरत पड़ने पर प्रकाशन से जुड़े अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस टीम ने प्रकाशक 'पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया' को नोटिस जारी कर उसके प्रतिनिधियों को पूछताछ के लिए हाजिर होने को कहा है।

बुक पर सियासी बवाल

बता दें कि इस बुक के छपने से पहले ही कथित प्रिंट लीक होने के संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। बुक में 2020 की गलवान घाटी झड़प के बारे में कथित तौर पर कुछ जिक्र है जिसको लेकर विपक्षी कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी आक्रामक हैं। वहीं सत्ताधारी भाजपा ने राहु गांधी पर राजनीति के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में संदेह पैदा करने के लिए लोकसभा के इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:एक्टिव होंगे 2 पश्चिमी विक्षोभ; दिल्ली में 6 दिन कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
ये भी पढ़ें:सिर पर चोट, बॉडी पर निशान; मानेसर में निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिली लड़के की लाश
ये भी पढ़ें:छेड़खानी का विरोध करने पर हत्या; फरीदाबाद पुलिस ने 4 को दबोचा, सनसनीखेज खुलासे
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।