gurugram crime student dead body found in under construction building in manesar सिर पर चोट, बॉडी पर निशान; मानेसर में निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिली लड़के की लाश, Ncr Hindi News - Hindustan
More

सिर पर चोट, बॉडी पर निशान; मानेसर में निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिली लड़के की लाश

मानेसर में लापता चल रहे एक 10वीं के छात्र की लाश निर्माणाधीन इमारत में मिली है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है क्योंकि शरीर पर घसीटने और सिर पर चोट के निशान मिले हैं। 

Wed, 11 Feb 2026 07:39 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, चंडीगढ़
share
सिर पर चोट, बॉडी पर निशान; मानेसर में निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिली लड़के की लाश

गुरुग्राम के मानेसर इलाके में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में लापता बच्चे का शव मिला है। मृतक की पहचान 17 वर्षीय आकाश तिवारी के रूप में हुई है जो 8 फरवरी से गायब था। उसके शरीर पर घसीटने के बने निशान हैं और साथ ही सिर पर भी चोट लगी है। परिजनों ने पुलिस को आकाश की हत्या का शक जताया है। परिवार ने मांग की कि मामले की हत्या के एंगल से जांच की जाए। मानेसर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

मॉर्निंग वॉक करने गया था, तीन दिन बाद लाश मिली

आकाश के पिता रंजीत तिवारी ने बताया कि वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के इशापुर गांव का है। वह एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। परिवार कुछ समय से मानेसर की श्री श्याम कॉलोनी में किराए के कमरे में रह रहा था। आकाश जेडी पब्लिक स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ता था। 8 फरवरी को सुबह छह बजे आकाश मॉर्निंग वॉक करने के लिए घर से निकला था। दो घंटे तक वापस नहीं आया, तो उसके पिता रंजीत ने तलाश शुरू की। करीब पौने नौ बजे मानेसर थाने में कॉल किया और गुमशुदगी की जानकारी दी।

फर्स्ट फ्लोर पर पड़ा मिला शव

इसके बाद पुलिस की टीम ने उसकी तलाश शुरू की। आकाश को ढूंढते हुए जब पुलिस की टीम मानेसर गांव के पास एक बिल्डिंग में गई, तो वहां आकाश का शव फर्स्ट फ्लोर पर पड़ा मिला। उसका सिर लेंटर से बाहर और धड़ लेंटर पर था। टीशर्ट और शरीर पर पीछे से घसीटने के निशान हैं, पैर पर पैर चढ़ा हुआ था। आकाश को केवल सिर में ही चोट आई थी और वह भी ऊँचाई से गिरने वाली चोट नहीं है। शरीर पर घसीटने के निशान मिले हैं। पुलिस ने डॉग स्कवायड और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया और साक्ष्य एकत्र किए।

पिता बोले- किसी से नहीं थी दुश्मनी

पिता रंजीत ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। आकाश किसी गलत संगत में शामिल नहीं था। वह पढ़ने में बहुत अच्छा था। आकाश के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले, जो गिरने से होने वाली चोट के नहीं लगते। किसी ने उसे धक्का देकर या मारपीट कर मौत के घाट उतारा है। मानेसर थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज से महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:एक्टिव होंगे 2 पश्चिमी विक्षोभ; दिल्ली में 6 दिन कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
ये भी पढ़ें:उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, 2 दिन किन जिलों में होगी बारिश या गिरेगी बर्फ?
ये भी पढ़ें:ग्रेनो के 4 प्रोजेक्ट में रजिस्ट्री का रास्ता साफ; वर्षों बाद खरीदारों को राहत

हत्या का शक

मानेसर में 10वीं के छात्र आकाश तिवारी की मौत ने गहरे संदेह को जन्म दिया है। शरीर पर घसीटने के निशान और सिर की चोट यह इशारा करती है कि यह कोई साधारण हादसा नहीं वरन सोची-समझी हत्या हो सकती है। पिता का कहना है कि किसी ने उसे धक्का देकर या मारपीट करने के बाद मौत के घाट उतारा है। शक और पुलिस की जांच अब इसी दिशा में आगे बढ़ रही है।

रिपोर्ट- मोनी देवी

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।