दिल्ली-NCR में 2 दिन बाद फिर बारिश; 30 की स्पीड में चलेंगी हवाएं, 21 मार्च तक का हाल
Delhi Weather Forecast: दिल्ली में रविवार को हुई हल्की बारिश ने गर्मी से राहत दी है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली एनसीआर में दो दिन बाद फिर बारिश होगी। इस दौरान तेज हवाएं भी चलने की संभावना है।

दिल्ली में बीते एक हफ्ते से जारी गर्मी के बाद रविवार को सुबह हुई हल्की बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी। रफी मार्ग और चिराग दिल्ली जैसे कई इलाकों में हुई इस बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में गरज चमक के साथ बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दो दिन बाद फिर एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-NCR के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश देखी जा सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ से बारिश
दिल्ली के साथ ही एनसीआर में रविवार को सुबह आंशिक रूप से बादल छाये रहे। दिल्ली के साथ ही एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों ने पश्चिमी हिमालय पर एक्टिव हुए पश्चिमी विक्षोभ को इस बारिश का मुख्य कारण बताया है। इसके साथ ही मध्य पाकिस्तान और पंजाब-हरियाणा के सटे इलाकों में एक चक्रवाती परिसंचरण भी विकसित हुआ है, जिससे बादलों की आवाजाही बनी रहने का अनुमान है।
कल तेज हवाएं, छाए रहेंगे बदरा
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। शाम के समय, गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ बहुत हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलेंगी। इसके बाद 16 मार्च यानी सोमवार को 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा से हवाएं चलेंगी और आंशिक रूप से बादल छाए नजर आएंगे।
दो दिन कितना रहेगा अधिकतम तापमान?
मौसम विभाग के अनुसार, 17 मार्च को दिल्ली के साथ ही एनसीआर में दिन के समय 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलने की संभावना है। आंशिक रूप से बादल भी छाए रहेंगे। दिल्ली में सोमवार और मंगलवार को अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 17 मार्च की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित कर सकता है।
18 मार्च को बारिश और तेज हवाएं
इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली के साथ ही एनसीआर में भी 18 मार्च को मौसम बदल जाएगा। आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा। 18 मार्च को दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलेंगी। हवा की स्पीड कभी कभी बढ़कर 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
21 मार्च तक का हाल
मौसम विभाग के अनुसार; 19, 20, 21 मार्च को दिल्ली एनसीआर में बारिश नहीं होगी। लेकिन 19 और 20 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इन दोनों ही दिन 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलेंगी।
दिल्ली में 21 मार्च को हवा की स्पीड थोड़ी कम रहेगी। दिल्ली में 18 मार्च को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री जबकि 19 मार्च को इसके 30-32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 20 मार्च को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और 21 मार्च को इसके 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।




साइन इन